इंग्लैंड टीम के बेस कैंप के पास फायरिंग: 9 लोग घायल; 11 जून से FIFA वर्ल्ड कप का आगाज
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. FIFA वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से कुछ दिन पहले अमेरिका में फायरिंग की घटना सामने आई है। इंग्लैंड टीम के बेस कैंप के पास हुई इस फायरिंग में 9 लोग घायल हो गए। यह घटना अमेरिका के मिसौरी राज्य के कैनसस सिटी में हुई।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। इनमें से 3 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है।
इंग्लैंड टीम मौजूद नहीं थी
वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड टीम का ट्रेनिंग बेस कैंप कैनसस सिटी में बनाया गया है। फायरिंग इस कैंप से करीब 4 मील दूर हुई। हालांकि, घटना के समय इंग्लैंड की टीम वहां मौजूद नहीं थी। टीम फिलहाल फ्लोरिडा में है। बुधवार (10 जून) को कोस्टा रिका के खिलाफ प्री-वर्ल्ड कप मुकाबला खेलेगी।
सुरक्षा को लेकर चिंता
इस फायरिंग के बाद वर्ल्ड कप की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा लेंगी। 104 मैच खेले जाएंगे।

इंग्लैंड का पहला मुकाबला 17 जून को
1966 का वर्ल्ड कप चैंपियन इंग्लैंड ग्रुप L में शामिल है। टीम अपना पहला मुकाबला 17 जून को क्रोएशिया के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 23 जून को घाना और 27 जून को पनामा से भिड़ेगी।
इंग्लैंड की 26 मेंबर्स वाली टीम में हैरी केन, जूड बेलिंगहम, डेक्लान राइस, बुकायो साका और जॉर्डन पिकफोर्ड शामिल हैं। वहीं कोबी मैनू, मॉर्गन रोजर्स और टीनो लिवरामेंटो जैसे यंग प्लेयर्स को भी मौका मिला है।
इंग्लैंड की नजर दूसरे टाइटल पर
इंग्लैंड ने अपना एकमात्र वर्ल्ड कप खिताब 1966 में जीता था। टीम इस बार 60 साल बाद दूसरा टाइटल जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

