चौथे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग 11: बशीर की जगह 8 साल बाद टेस्ट खेलेंगे लियाम डॉसन, इस लेफ्ट आर्म स्पिनर ने 3 टेस्ट में 7 विकेट लिए हैं
Published:
2 min read

टीम इंडिया के खिलाफ 5 टेस्ट की सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे है। (Photo: ECB)
भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इसका चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग-11 घोषित कर दी है। इसमें एक बड़ा बदलाव हुआ है।
चोटिल स्पिनर शोएब बशीर सीरीज से बाहर हुए हैं। उनकी जगह लेफ्ट आर्म स्पिनर लियाम डॉसन को प्लेइंग-11 में जगह मिली है। डॉसन की 8 साल बाद टेस्ट टीम में वापसी हो रही है। 35 साल के इस स्पिनर ने आखिरी टेस्ट जुलाई 2017 में खेला था।
ऑलराउंडर डॉसन ने अब तक 3 टेस्ट में 7 और 6 वनडे में 5 विकेट लिए हैं। इसके अलावा 14 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 11 विकेट लिए। उन्होंने टेस्ट में एक नाबाद फिफ्टी भी लगाई है।
Our XI for the fourth Test is here 📋
— England Cricket (@englandcricket) July 21, 2025
One change from Lord's 👊
इंग्लैंड टीम सीरीज में 2-1 से आगे
दरअसल, शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच एंडरसन-सचिन ट्रॉफी के तहत 5 टेस्ट की सीरीज खेली जा रही है। शुरुआती 3 टेस्ट के बाद इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे है।
सीरीज का पहला टेस्ट इंग्लैंड ने 5 विकेट से जीता था। जबकि दूसरा टेस्ट भारतीय टीम ने 336 रन से अपने नाम किया था। तीसरा मैच 10 जुलाई से हुआ था, जिसके आखिरी दिन रोमांचक अंदाज में इंग्लैंड ने 22 रन से जीत दर्ज की।
मैनचेस्टर टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग-11
जैक क्रॉली, बेन डकेट, ऑली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), लियाम डॉसन, क्रिस वॉक्स, ब्रायडन कार्स और जोफ्रा आर्चर।

