अफ्रीका पहली बार ODI वर्ल्ड कप फाइनल में: मेन्स टीम भी नहीं कर सकी ऐसा; सेमी में इंग्लैंड की वुमन्स टीम को 125 रन से हराया
Published: Updated:
3 min read

इंग्लैंड ने पहले ओवर में ही 2 विकेट गंवा दिए। पेसर मारिजैन कप्प ने एमी जोन्स और हीदर नाइट को आउट किया। उन्होंने कुल 5 विकेट अपने नाम किए।
स्पोर्ट्स डेस्क. साउथ अफ्रीका की टीम वुमन्स वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गई है। मेन्स और वुमन्स ODI क्रिकेट में साउथ अफ्रीका की टीम पहली बार किसी वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है। अभी तक मेन्स टीम भी वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल नहीं खेल सकी है।
वुमन्स वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल बुधवार (29 अक्टूबर) को गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में खेला गया। इसमें साउथ अफ्रीकी टीम ने इंग्लैंड को 125 रन से हराया। अब टूर्नामेंट का फाइनल 2 नवंबर को नवी मुंबई में होगा।
इस खिताबी मुकाबले में साउथ अफ्रीका की टक्कर टीम इंडिया या ऑस्ट्रेलिया से हो सकती है। इन दोनों टीमों के बीच दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार (30 अक्टूबर) को खेला जाएगा।
इंग्लैंड की टीम 194 रन पर सिमटी
पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड टीम की कप्तान नट-शिवर ब्रंट ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। इसके बाद साउथ अफ्रीका ने 320 रन का टारगेट सेट किया। जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम 42.3 ओवर में 194 रन पर ही सिमट गई।
कप्तान नट-शिवर ब्रंट ने 60 और एलिस कैप्सी ने 50 रन की पारी खेली। डैनियल व्याट-हॉज ने 34 और लिन्सी स्मिथ ने 27 रन बनाए। अफ्रीका के लिए तेज गेंदबाज मारिजैन कप्प ने 5 और नदिनी डी क्लर्क ने 2 विकेट लिए। सुने लूस, अयाबोंगा खाका और नॉनकुलुलेको म्लाबा ने 1-1 विकेट लिया।
वोलवार्ड ने 143 बॉल पर 169 रन बनाए
मैच में साउथ अफ्रीकी टीम ने 7 विकेट गंवाकर 319 रन बनाए। कप्तान लाउरा वोलवार्ड ने अपने वनडे करियर का 10वां शतक लगाया। उन्होंने 143 बॉल पर 169 रन की पारी खेली। इस दौरान 4 छक्के और 20 चौके लगाए। साउथ अफ्रीका की कप्तान लाउरा वोलवार्ड अब तक की सबसे सफल बल्लेबाज रही हैं। उन्होंने 8 मैचों में 470 रन बनाए हैं।
ताजमिन ब्रिट्स 45 और मारिजैन कप्प 42 रन बनाकर आउट हुईं। एन्नेके बॉश खाता नहीं खोल सकीं। स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने एक ही ओवर (23वें) में ब्रिट्स और बॉश को बोल्ड किया। तीसरा विकेट सुने लूस के रूप में गिरा। वे 1 रन बनाकर नट-शिवर की बॉल पर बोल्ड हुईं।
आखिर में श्लोए ट्रायोन ने 26 बॉल पर नाबाद 33 रन बनाए और टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचाया। इंग्लैेंड के लिए एक्लेस्टोन ने 4 विकेट लिए। लॉरेन बेल को 2 और नट-शिवर ब्रंट को 1 विकेट मिला।
वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
13 - मिताली राज (36 इनिंग्स)
13 - लाउरा वोलवार्ड (23 इनिंग्स)*
12 - डेबी हॉकले (43 इनिंग्स)
11 - शार्लेट एडवर्ड्स (28 इनिंग्स)
इंग्लैंड ने 4 बार वर्ल्ड कप जीता
इंग्लैंड की महिला टीम ने अब तक 4 बार क्रिकेट वर्ल्ड कप का खिताब जीता है। पहली बार 1973 में ऑस्ट्रेलिया को हराकर खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद टीम ने 1993 में दूसरी बार चैंपियन बनकर खिताब अपने नाम किया।
तीसरी बार इंग्लैंड ने 2009 में वर्ल्ड कप जीता। इंग्लैंड ने चौथा खिताब 2017 में भारतीय टीम को हराकर अपने नाम किया था। इंग्लैंड टीम वुमन्स क्रिकेट की सबसे सफल टीम में से एक है। हालांकि इस बार खिताब जीतने का सपना टूट गया।
हेड-टू-हेड
मैच: 48
इंग्लैंड ने जीते: 36
साउथ अफ्रीका ने जीते: 11
नो रिजल्ट: 01
इंग्लैंड की प्लेइंग-11
एमी जोन्स (विकेटकीपर), टैमी ब्यूमोंट, हीदर नाइट, नट-शिवर ब्रंट (कप्तान), सोफिया डंकले, डैनियल व्याट-हॉज, एलिस कैप्सी, चार्लेट डीन, सोफी एक्लेस्टोन, लिन्सी स्मिथ और लॉरेन बेल।
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग-11
लाउरा वोलवार्ड (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्स, सुने लूस, एनेरी डर्कसेन, एन्नेके बॉश, मारिजैन कप्प, सिनालो जाफ्टा (विकेटकीपर), श्लोए ट्रायोन, नदिनी डी क्लर्क, अयाबोंगा खाका और नॉनकुलुलेको म्लाबा।

