ओवल टेस्ट-1487: करुण नायर की 8 साल बाद टेस्ट फिफ्टी; गिल अपनी ही कॉल पर रन आउट, टीम इंडिया पहले दिन 204/6
Published:
4 min read

करुण नायर ने 3149 दिन के गैप के बाद टेस्ट क्रिकेट में फिफ्टी बनाई। इससे पहले उन्होंने दिसंबर 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 303 रन बनाए थे।(BCCI)
पांच टेस्ट की तेंदुलकर - एंडरसन सीरीज के आखिरी मैच के पहले दिन टीम इंडिया ने 6 विकेट पर 204 रन बना लिए। टॉस जीतकर इंग्लिश कप्तान ओली पोप ने भारत को पहले बैटिंग दी। कप्तान शुभमन गिल अपने ही कॉल पर रन आउट हुए। उन्होंने 21 रन बनाए। करुण नायर ने आठ साल बाद टेस्ट क्रिकेट में फिफ्टी बनाई। वो 52 पर नॉट आउट हैं।
यह पारी उनके और टीम के लिए अब तक अहम साबित हुई है। पहले चार टेस्ट में कोई खास प्रदर्शन न कर पाने के बावजूद, टीम मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें पांचवें टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया। करुण ने इस मौके को हाथ से नहीं जाने दिया।
3149 दिन बाद आई 50 रन की पारी
इस सीरीज में करुण का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। उन्होंने शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन उसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए। उन्होंने छह पारियों में सिर्फ 131 रन बनाए थे। एवरेज 21.83 और हाईएस्ट स्कोर 40 रहा।
एजबैस्टन और लॉर्ड्स टेस्ट में उन्होंने 30 और 41 रन बनाए, लेकिन वो पारी को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके। ऐसे में पांचवें टेस्ट में उन्हें टीम में शामिल करना बड़ा डिसीजन था।
1.करुण ने टेस्ट क्रिकेट में दो 50 स्कोर के बीच 3149 दिन का गैप लिया है। उन्होंने दिसंबर 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 303 नाबाद रन बनाए थे। गुरुवार को 52 नाबाद रन बनाए। यह किसी भारतीय बल्लेबाज के लिए टेस्ट में दो फिफ्टी स्कोर के बीच दूसरा सबसे लंबा अंतराल है (दूसरे विश्व युद्ध की वजह से जो गैप हुआ, उसे छोड़कर)। हालांकि, ये भी सच है कि करुण कई साल टीम से बाहर रहे।
2. इस मामले में सबसे लंबे समय के बाद 50 रन की पारी पार्थिव पटेल के नाम है 4426 दिन। उन्होंने अक्टूबर 2004 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 54 रन बनाए थे। इसके बाद नवंबर 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 67 नाबाद रन बनाए।
टीम मैनेजमेंट को नायर पर भरोसा
कोचिंग स्टाफ का भरोसा भी नायर पर कायम रहा। भारत के कोच रयान टेन डोशेट ने दिन के खेल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- करुण इस दौरे पर मुश्किल रोल में हैं। पहले टेस्ट में नंबर 6 पर खेले, फिर नंबर 3 पर भेजा गया। इसके बावजूद उन्होंने अपनी लय और रफ्तार बनाए रखी। वह एक क्वालिटी प्लेयर हैं और प्रेशर झेल सकते हैं
टेन के मुताबिक- कंडीशन्स करुण के लिए सही थीं। वह ऐसे समय में आए जब हालात नंबर 3 या 4 के जैसे थे। वह कभी शिकायत नहीं करते, हमेशा टीम को पहले रखते हैं।
भारत की खराब शुरुआत
टाॅस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। ओपनर यशस्वी जायसवाल को गस एटकिंसन ने सिर्फ 2 रन पर एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। इसके बाद केएल राहुल भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और 14 रन बनाकर आउट हो गए।
बारिश के चलते थोड़ी देर के लिए खेल रुका, तब भारत का स्कोर 72 रन पर 2 विकेट था। लेकिन जब खेल दोबारा शुरू हुआ तो कप्तान शुभमन गिल रन आउट हो गए। इसके बाद कुछ और विकेट जल्दी-जल्दी गिर गए।
नायर ने टीम को संभाला
ऐसे समय में करुण नायर ने मोर्चा संभाला और फिफ्टी लगाई। 98 गेंदों में 7 चौकों की मदद से इसे पूरा किया। उन्होंने पहले साई सुदर्शन और फिर ध्रुव जुरेल के साथ छोटी पार्टनरशिप की। इसके बाद वाशिंगटन सुंदर के साथ सातवें विकेट के लिए 51 रन की अहम साझेदारी निभाई। दिन का खेल खत्म होने पर भारत का स्कोर 204 रन पर 6 विकेट था। नायर 52 और सुंदर 19 पर नॉटआउट लौटे।
भारत : 204/6
करुण नायर: 52*
साई सुदर्शन : 38
शुभमन गिल :21
जोश टंग : 2/47
गस एटकिंसन : 2/31

