इंडिया Vs इंग्लैंड ओवल टेस्ट-1478: कंधे की चोट के चलते मैच से बाहर हो सकते हैं वोक्स; ऐसा हुआ तो 10 प्लेयर्स के साथ खेलेगी इंग्लैंड
Published: Updated:
3 min read

चोट के बाद मैदान से बाहर जाते क्रिस वोक्स। उन्होंने ओवल टेस्ट के पहले दिन एक विकेट लिया। वोक्स ने केएल राहुल को आउट किया। (PTI)
भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट की सीरीज का आखिरी मुकाबला 31 जुलाई से केनिंग्टन ओवल में खेला जा रहा है। मैच के पहले दिन इंग्लिश टीम तो तब झटका लगा, जब फास्ट बॉलर क्रिस वोक्स चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। उन्हें टी-ब्रेक के बाद आखिरी सेशन में फील्डिंग करते हुए कंधे में चोट लगी थी।
वोक्स के देर रात स्कैन के लिए ले जाना पड़ा। वे इस पांचवें टेस्ट से बाहर हो सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो MCC के नियम 24 के मुताबिक, इंग्लैंड को 10 प्लेयर के साथ ही खेलना पडे़गा। वोक्स की जगह एक प्लेयर फील्डिंग के लिए मैदान पर आ सकता है, लेकिन वह बॉलिंग या बैटिंग नहीं कर सकेगा। हालांकि पहले दिन वोक्स के मैदान से बाहर जाने के बाद उनकी जगह फील्डिंग के लिए लियाम डॉसन आए।
दिन का खेल खत्म होने के बाद तेज गेंदबाज गस एटकिंसन ने वोक्स की चोट पर अपडेट दी। उन्होंने कहा कि वोक्स की हालत ठीक नहीं लग रही है। एटकिंसन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मुझे इस बारे में ज्यादा जानकारी तो नहीं है, लेकिन उनकी (वोक्स) स्थिति ठीक नहीं लग रही है। यह सीरीज का आखिरी मैच है। जब कोई प्लेयर चोटिल होता है, तो यह अच्छा नहीं होता है। मुझे उम्मीद है कि यह ज्यादा गंभीर नहीं होगी। जो कुछ भी हो, उसमें सभी का सपोर्ट रहेगा।"
वोक्स ने केएल राहुल को किया आउट
वोक्स ने पहले दिन 14 ओवर किए, जिसमें 46 रन देकर 1 विकेट लिया। उन्होंने केएल राहुल का विकेट लिया था। यदि वोक्स इस टेस्ट से बाहर होते हैं, तो इंग्लैंड को 10 ही खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ेगा। उनके पास गेंदबाजी में 3 पेसर गस एटकिंसन, जेमी ओवर्टन और जोश टंग रहेंगे। जबकि बतौर स्पिनर जैकब बेथेल और जो रूट होंगे।
एटकिंसन ने कहा कि यदि वोक्स बाहर होते हैं तो वे ज्यादा एफर्ट लगाकर टीम को जीत दिलाने में मदद करेंगे। एटकिंसन ने कहा, "मैं फ्रेश और रेडी फील कर रहा हूं। मैं जानता हूं कि यह मेरा एकमात्र मैच (सीरीज का) है, इसलिए मैं अपनी काबिलियत से ज्यादा एफर्ट लगाउंगा।"
दरअसल, मैच के पहले दिन टी-ब्रेक के बाद 57वें ओवर में क्रिस वोक्स को चोट लगी थी। यह ओवर जेमी ओवर्टन ने किया, जिसकी पांचवीं बॉल पर करुण नायर ने शॉट खेला था। तभी बाउंड्री के करीब वोक्स ने बॉल रोकने के लिए डाइव लगाई थी। इसी दौरान उनका कंधा चोटिल हो गया।
करुण नायर ने लगाई फिफ्टी
मैच में टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इसके बाद पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने 6 विकेट पर 204 रन बनाए। करुण नायर 52 और वॉशिंगटन सुंदर 19 रन बनाकर नाबाद रहे। साई सुदर्शन ने 38 और शुभमन गिल ने 21 रन बनाए। पहले दिन गस एटकिंसन और जोश टंग ने 2-2 विकेट लिए।
पांचवें टेस्ट में भारत-इंग्लैंड की प्लेइंग 11
भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), करुण नायर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड की टीम: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप (कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जेमी ओवर्टन और जोश टंग।

