दिल्ली टेस्ट- सूना पड़ा स्टेडियम: विराट कोहली की गैरमौजूदगी में फैंस की दिलचस्पी घटी, आधे से ज्यादा स्टैंड खाली
Published:
2 min read

विराट कोहली भले टेस्ट से रिटायर हो चुके हैं, लेकिन फैंस के बीच में उनका क्रेज अब भी बरकरार है।
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। स्टेडियम की कुर्सियां काफी हद तक खाली पड़ी हैं। 9 महीने पहले विराट कोहली यहां रणजी खेलने आए थे, तब तकरीबन 12 हजार दर्शक मैच देखने आए थे। उस दिन गेट बंद कर दिए गए, वर्ना और भी लोग आ सकते थे। फर्स्ट क्लास क्रिकेट के लिहाज से ये नंबर्स बड़े थे। अब जब यहां इंटरनेशनल क्रिकेट हो रहा है, तब स्टैंड खाली पड़े हैं। खास बात यह है कि इस स्टेडियम मे कोहली के नाम पर पवेलियन भी है।
मैच के दौरान एक फैंस ने कहा- अगर कोहली होते तो और मजा आ जाता। लेकिन हम भारतीय टीम और कप्तान शुभमन गिल को सपोर्ट करने आए हैं।
कोहली-कोहली चिल्ला रहे थे दर्शक
विराट कोहली भले टेस्ट से रिटायर हो चुके हैं, लेकिन फैंस के बीच उनका क्रेज अब भी बरकरार है। मैच के पहले दिन एक पल ऐसा भी आया कि जब दर्शक कोहली-कोहली चिल्लाने लगे। मैच देखने आए कुछ स्टूडेंट्स ने कहा कि हम यहां विराट को काफी मिस कर रहे हैं। हालांकि, हमें क्रिकेट पसंद है, इसलिए कॉलेज छोड़कर आए हैं।
स्टेडियम के बाहर एक शख्स विराट के नाम की जर्सी भी बेच रहा था।
पहले दिन भारतीय टीम मजबूत स्थिति में
टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीता और पहले बैटिंग का फैसला किया। इसके बाद टीम ने पहले दिन खेल खत्म होने तक 2 विकेट गंवाकर 318 रन बनाए। पहले दिन यशस्वी जायसवाल का बल्ला जमकर चला। उन्होंने 253 बॉल पर 173 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान 22 चौके लगाए। यशस्वी के साथ कप्तान शुभमन गिल 20 रन बनाकर नाबाद लौटे।

