इंडिया Vs पाकिस्तान मैच में स्टेडियम आधा खाली रहा: टॉस के दौरान और मैच जीतकर भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया, VIDEO वायरल
Published:
3 min read

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए मैच में टीम इंडिया ने 16 ओवर में पाकिस्तान को हराया। (ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। यह मैच टीम इंडिया ने 7 विकेट से 15.5 ओवर में ही जीत लिया। मुकाबले में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के दौरान पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया। मैच जीतने के बाद भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया।
मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 128 रन का टारगेट दिया था। मैच में स्टेडियम भी काफी हद तक खाली रहा। वैसे दुबई स्टेडियम की कैपिसिटी 25 हजार दर्शकों की है, जिसे खास मौकों पर 30 हजार तक किया जा सकता है।
भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया: 16 ओवर में मैच जीते, एशिया कप के सुपर-4 राउंड में एंट्री; बर्थडे बॉय सूर्या ने छक्का लगाकर मैच जिताया
दरअसल, भारत में पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच को लेकर बॉयकाट ट्रेंड देखने को मिला। इसका असर दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भी दिखाई दिया और फैन्स की नाराजगी साफ देखने को मिली। स्टेडियम आधा खाली रहा। भारत-पाकिस्तान के बीच हमेशा ही हाईवॉल्टेज क्रिकेट मैच होते हैं। इस दौरान स्टेडियम हमेशा खचाखच भरे होते हैं। ऐसा पहली बार है। जब स्टेडियम में कुर्सी खाली रहीं। खाली सीटों के फोटो और वीडियो काफी वायरल हो रहे हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान 14 सितंबर को पहली बार क्रिकेट के मैदान में थे। इस मैच को लेकर काफी विवाद हुआ। लोग मैच को रद्द करने की बात कर रहे थे। हालांकि, इससे इतर कुछ अलग तस्वीरें भी आई हैं। देश के कई हिस्सों से लोग भारत की जीत के लिए हवन भी कर रहे थे।
मैच जीतने के बाद सूर्या-शिवम ने नहीं मिलाया हाथ
मैच जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया। छक्का लगाकर मैच जिताने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और नॉनस्ट्राइक पर खड़े शिवम दुबे ने एक दूसरे से हाथ मिलाया और ड्रेसिंग रूम की ओर लौट आए।
मैच का क्यों हो रहा था विरोध
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बैसरन घाटी में पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमला कर दिया। आतंकियों ने टूरिस्ट्स से धर्म पूछकर गोलियां मारी थीं। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई। हमले की जिम्मेदारी लश्कर ए तैयबा के ही एक ग्रुप TRF ने ली थी।
इसके जवाब में 7 मई को भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाक अधिकृत कश्मीर (POK) और पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला कर दिया। इस हमले में जैश ए मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर के परिवार के कई सदस्य और साथी मारे गए। 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हुए।
जवाब में पाकिस्तान ने भी भारत पर हमला किया, लेकिन उन्हें नाकाम कर दिया गया। इसके बाद भारत ने 9 मई को पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। इससे पाकिस्तान के सैन्य संसाधनों को बहुत नुकसान हुआ। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हो गया।
मैच में पाकिस्तान की प्लेइंग-11
साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमां, सलमान अली आगा (कप्तान), हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सुफियान मुकीम और अबरार अहमद।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी
दुबई में खेले जा रहे इस मैच में टीम इंडिया के खिलाफ पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। दोनों टीमों की प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं हुआ। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वे टॉस जीतते तो पहले बॉलिंग ही लेते।

