रैना-धवन के खिलाफ ED की कार्रवाई: 11.14 करोड़ की सम्पत्ति कुर्क, ऑनलाइन सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा मामला
Published: Updated:
3 min read

शिखर धवन ने 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 T20I मैच खेले। जबकि सुरेश रैना ने 18 टेस्ट, वनडे और 78 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले।
स्पोर्ट्स डेस्क. पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। दोनों की कुल 11.14 करोड़ रुपये की सम्पत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। ED ने यह कार्रवाई ऑनलाइन सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े 1xBet केस में की है।
यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के तहत की गई है। ED ने इसी के तहत दोनों क्रिकेटर्स की चल और अचल सम्पत्ति कुर्क की है।
सूत्रों की मानें तो सुरेश रैना के नाम से 6.64 करोड़ के म्यूचुल फंड में इन्वेस्टमेंट किया गया। इसे ED ने कुर्क किया है। साथ ही शिखर धवन के नाम 4.5 करोड़ की अचल सम्पत्ति को भी कुर्क किया गया है।
युवराज-उथप्पा से भी पूछताछ हुई थी
ED की जांच में पाया गया है कि रैना और धवन ने जानबूझकर 1xBet और उसकी दूसरी पार्टनर कंपनियों के लिए एडवर्टाइजमेंट किया है। साथ ही कुछ विदेशी कंपनियों से भी करार भी किया।
इसी मामले को लेकर ED ने पिछले कुछ समय में रैना और धवन के अलावा युवराज सिंह और रोबिन उथप्पा से भी पूछताछ की थी। उनके अलावा सोनू सूद, उर्वशी रौतेला और मिमी चक्रवर्ती समेत कई फिल्म स्टार्स से भी पूछताछ की थी।
एक हजार करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप
1xBet नेटवर्क लगातार ED की रडार पर है। एजेंसी ने जांच में पाया है कि 1xBet ने अपने नेटवर्क के जरिए भारत में एक हजार करोड़ से ज्यादा की मनी लॉन्ड्रिंग की है। इसके लिए 6 हजार से ज्यादा ‘म्यूल अकाउंट्स’ का इस्तेमाल कर भारतीयों से पैसे जुटाए गए।
इस तरह के बैटिंग एप्स लीगल नहीं हैं। इनके जरिए बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग हो रही है। एजेंसी का आरोप है कि इस तरह के बैटिंग एप्स के जरिए लोगों को करोड़ों रुपयों का चूना लगाया गया है। साथ ही बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी भी हुई।
रैना-धवन का क्रिकेट करियर
धवन ने भारतीय टीम के लिए 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। उन्होंने टेस्ट में 2315, वनडे में 6793 और टी20 में 1759 रन बनाए। दूसरी ओर रैना ने 18 टेस्ट में 768 और 226 वनडे में 5615 रन बनाए। उन्होंने 78 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें 1605 रन बनाए।

