38 साल के रेफरी रॉब डिपेरिंक का निधन: FIFA वर्ल्ड कप 2026 में VAR टीम से हटाए गए; कुछ समय पहले यौन उत्पीड़न केस में फंसे थे
Published: Updated:
3 min read

रॉब डिपेरिंक अपने कॅरियर में 284 फुटबॉल मैचों में रेफरी रहे है। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. नीदरलैंड्स के फुटबॉल रेफरी रॉब डिपेरिंक (Rob Dieperink) का 38 साल की उम्र में निधन हो गया। कुछ ही हफ्ते पहले उन्हें फीफा वर्ल्ड कप 2026 में VAR (वीडियो असिस्टेंट रेफरी) की जिम्मेदारी से हटा दिया गया था। उन पर ब्रिटेन में एक नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगा था, लेकिन बाद में सबूत नहीं मिलने पर पुलिस ने मामला बंद कर दिया था। उनकी मौत की वजह अभी तक सामने नहीं आई है।
फीफा वर्ल्ड कप टीम से हटाए गए थे
रॉब डिपेरिंक को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए VAR अधिकारी चुना गया था, लेकिन अप्रैल में उनके खिलाफ दर्ज हुए इस यौन उत्पीड़न केस के बाद मई में FIFA ने उन्हें वर्ल्ड कप ऑफिसर की लिस्ट से हटा दिया था।
सबूत नहीं मिले, इसलिए मामला बंद हुआ
डिपेरिंक पर एक नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगा था। हालांकि जांच के दौरान पुलिस को आरोप साबित करने के लिए सबूत नहीं मिले। इसके बाद केस बंद कर दिया गया। वर्ल्ड कप टीम से हटाए जाने के बाद डिपेरिंक ने डच अखबार द टेलीग्राफ से कहा था कि उन पर गलत आरोप लगाए गए थे।

डच फुटबॉल फेडरेशन ने जताया दुख
नीदरलैंड्स फुटबॉल संघ (KNVB) ने बयान जारी कर कहा कि रॉब डिपेरिंक के निधन की खबर से पूरा फुटबॉल जगत बेहद दुखी है। फेडरेशन ने कहा कि उन्होंने एक बेहतरीन इंटरनेशनल रेफरी ही नहीं, बल्कि एक अच्छे साथी को भी खो दिया है। संघ ने उनके परिवार और करीबी लोगों के लिए दुख जाहिर किया है।
फीफा ने भी दी श्रद्धांजलि
फीफा ने भी रॉब डिपेरिंक के निधन पर शोक जताया। संगठन ने कहा कि पूरे फुटबॉल समुदाय की ओर से उनके परिवार, दोस्तों और डच फुटबॉल संघ के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।

रॉब का रिकाॅर्ड
डिपेरिंक ने 2011-12 सीजन से प्रोफेशनल फुटबॉल में रेफरी के रूप में काम शुरू किया था। उन्होंने 2017 में डच लीग एरेडिवीसी का पहला मैच रेफरी के तौर पर संभाला। वे अपने कॅरियर में प्रोफेशनल फुटबॉल के 284 मैचों में रेफरी रहे है।
डिपेरिंक इंटरनेशनल लेवल पर VAR अधिकारी भी रहे। वह यूरो 2024, पेरिस ओलंपिक 2024, यूरोपीय क्लब लीग और 2024 यूरोपा लीग फाइनल में असिस्टेंट VAR रहे थे। इसके अलावा दिसंबर 2024 में कतर में खेले गए फीफा इंटरकॉन्टिनेंटल कप में भी उन्हें VAR की जिम्मेदारी दी गई थी।

