ड्रीम11 भारतीय क्रिकेट टीम की स्पॉन्सरशिप नहीं करेगी: Byju’s की जगह लेकर बनी थी स्पॉन्सर, 358 करोड़ में तीन साल का कॉन्ट्रैक्ट था; कोई जुर्माना नहीं लगेगा
Published:
3 min read

दो दिन पहले ड्रीम11 ने देश में अपने सभी रियल मनी बेस्ड गेम्स बंद करने का ऐलान किया था।
फैंटेसी स्पोर्ट्स कंपनी ड्रीम11 अब भारतीय क्रिकेट टीम की स्पॉन्सरशिप नहीं करेगी। इसके चलते BCCI को 9 सितंबर से शुरू होने वाले एशिया कप से पहले नया स्पॉन्सर ढूंढना होगा। 18 साल पहले शुरू हुई ड्रीम11 अब 8 अरब डॉलर की कंपनी है। ये जुलाई 2023 में BCCI की मुख्य स्पॉन्सर बनी। इसने एडटेक कंपनी Byju’s की जगह ली थी। कंपनी ने तीन साल के लिए 358 करोड़ रुपए में ये करार किया था।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, BCCI के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने सोमवार को बताया कि कंपनी का ये फैसला लोकसभा और राज्यसभा में ऑनलाइन गेमिंग प्रमोशन और रेगुलेशन बिल के पास होने के बाद आया है। अब BCCI भविष्य में ऐसे किसी भी ऑर्गेनाइजेशन को शामिल नहीं करेगा। जल्द ही नए स्पॉन्सर के लिए टेंडर निकालेंगे।
स्पॉन्सरशिप छोड़ने पर कोई जुर्माना नहीं लगेगा
ड्रीम11 के स्पॉन्सरशिप छोड़ने पर कोई जुर्माना नहीं लगेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि कॉन्ट्रैक्ट में एक शर्त है कि अगर सरकार के किसी कानून से स्पॉन्सर के बिजनेस पर असर पड़ता है, तो उन्हें क्रिकेट बोर्ड को कोई भुगतान नहीं करना होगा।
ड्रीम11-My11Circle स्पॉन्सरशिप से BCCI को 1000 करोड़ देते थे
ड्रीम11, My11Circle मिलकर इंडियन क्रिकेट टीम और IPL की टाइटल स्पॉन्सरशिप के जरिए BCCI को करीब 1000 करोड़ रुपए देते थे। भारतीय क्रिकेट टीम के अलावा, ड्रीम11 ने IPL में भी कदम रखा था। इसके चलते महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह जैसे बड़े खिलाड़ियों को अपने ब्रांड एंबेसडर बनाया। साथ ही ड्रीम11 2020 में चाइनीज कंपनी Vivo की जगह लेकर IPL की ट्रॉफी की स्पॉन्सर बनी।
2018 में ड्रीम11 की ICC के साथ भी रही पार्टनरशिप
ड्रीम11 का दायरा विदेशी लीग्स तक भी फैला हुआ है। ये कैरेबियन प्रीमियर लीग की ऑफिशियल फैंटेसी पार्टनर और सुपर स्मैश की टाइटल स्पॉन्सर भी है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया की डोमेस्टिक टी20 कॉम्पिटिशन, बिग बैश लीग और विमेंस बिग बैश लीग में भी इसकी मौजूदगी है। वहीं 2018 में ड्रीम11 ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के साथ भी पार्टनरशिप की थी।
3 साल सजा मुमकिन, 1 करोड़ तक का जुर्माना
ऑनलाइन गेमिंग बिल के मुताबिक- इस तरह के गेम्स ऑफर करने वालों को तीन साल की सजा और 1 करोड़ रुपए तक का जुर्माना देना पड़ सकता है। इतना ही नहीं विज्ञापन देने वालों को भी दो साल तक की जेल और 50 लाख रुपए तक का फाइन या फिर दोनों देना पड़ सकते हैं। हालांकि गेम खेलने वालों (विक्टिम) के लिए किसी सजा या जुर्माने की बात इस प्रपोज्ड बिल में नहीं है। पूरी खबर पढ़ें...

