जडेजा 2027 वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं: कहा- मुझे पहले से पता था कि ऑस्ट्रेलिया सीरीज से मुझे बाहर किया जाएगा
Published: Updated:
3 min read

रवींद्र जडेजा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI में तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज है। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम 15 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए रवाना होगी। सीरीज का पहला मैच 19 अक्टूबर से पर्थ में खेला जाएगा। इसके लिए टीम का ऐलान पहले ही हो चुका है। लेकिन भारतीय टीम के स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए नहीं चुना गया। इस पर जडेजा ने पहली बार बयान दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वे 2027 का ODI वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं।
2027 वर्ल्ड कप खेलने का सपना है
जडेजा ने कहा- मैं 2027 वर्ल्ड कप खेलना चाहता हूं। हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वो वर्ल्ड कप जीते। 2023 में हम बहुत करीब थे, लेकिन खिताब नहीं जीत पाए। टीम मैनेजमेंट ने मुझसे पहले ही बता दिया था कि इस सीरीज के लिए मुझे नहीं चुना जा रहा है। कप्तान शुभमन, कोच और सिलेक्टर्स ने मुझसे बात की और वजह समझाई। यह मेरे लिए अच्छी बात थी।
आगे कहा - जब भी मौका मिलेगा, मैं अच्छे प्रदर्शन की पूरी कोशिश करूंगा। अभी काफी सारे वनडे मैच बाकी हैं। उम्मीद है कि उनमें मुझे खेलने का मौका मिलेगा।
केवल एक लेफ्ट आर्म स्पिनर को शामिल कर सकते
भारतीय टीम के चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने जडेजा को बाहर करने के सवाल पर कहा था - अभी हम सिर्फ एक लेफ्ट आर्म स्पिनर अक्षर पटेल को ही टीम में शामिल कर सकते हैं। दो स्पिनर्स को फिट करना हमारे लिए पॉसिबल नहीं था। जडेजा हमारे प्लान में हैं। सब जानते हैं, वो कितने शानदार खिलाड़ी हैं। लेकिन हम अक्षर, वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव को चुनकर इस छोटी सीरीज के लिए संतुलन बनाए रखना चाहते थे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जडेजा का ODI प्रदर्शन
जडेजा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक 45 ODI मैच खेले, जिसमें 39 विकेट लिए हैं। वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बैटिंग में भी 33 इनिंग में 577 रन बनाए। इसमें दो हाफ सेंचुरी भी हैं।
जडेजा का ODI कॅरियर
जडेजा ने 2009 में श्रीलंका के खिलाफ ODI डेब्यू किया था। जडेजा ने 204 वनडे में 4.85 की इकॉनोमी से 231 विकेट लिए। दो बार 5 विकेट भी लिए। बैटिंग में भी 32.12 की एवरेज से 2806 रन बनाए हैं। इनमें 13 हाफ सेंचुरी शामिल हैं।


