धाेनी ने मुझे गिरिगिट बना दिया: दिनेश कार्तिक बोले- टीम में जगह पाने के लिए निभाने पड़े अलग-अलग रोल
Published:
3 min read

दिनेश कार्तिक ने 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी वनडे मैच खेला था। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के पूर्व क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है। कार्तिक ने कहा- महेंद्र सिंह धोनी ने मुझे गिरगिट बना दिया। टीम में जगह बनाने के लिए मुझे अलग-अलग रोल निभाने पड़े। धोनी के रहते कोई विकेट कीपर टीम में जगह नहीं बना पाया। दिनेश ने 2004 में धोनी से तीन महीने पहले इंटरनेशनल डेब्यू किया था।
कार्तिक ने कहा- धोनी ने अपने कॅरियर की शुरुआत में बड़े हिट मारकर सबको चौंका दिया। उन्होंने बहुत जल्दी टीम इंडिया में अपनी जगह बना ली। उनके सिक्स मारने की पावर हिटिंग की तुलना महान बल्लेबाज सर गैरी सोबर्स से की जाने लगी। कार्तिक ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव साउथ 2025 में यह बातें कही।
उनका शॉट लगाने का अनोखा अंदाज था
पूर्व क्रिकेटर ने कहा- मैंने MS को ज्यादा खेलते नहीं देखा, लेकिन केन्या में ए सीरीज के दौरान सभी उनके बारे में ही बात कर रहे थे। वे जिस ताकत के साथ सिक्स मार रहे थे, लोगों का कहना था कि वैसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा। उनके सिक्स लगाने का तरीका कमाल का था।
टीम में जगह बनाने के लिए गिरगिट बनना पड़ा
कार्तिक ने बताया कि धोनी के टीम में आने के बाद मुझे अलग-अलग रोल निभाना पड़ा। मैंने खुद को गिरगिट की तरह ढाल लिया। चाहे वह तमिलनाडु टीम के लिए ओपनिंग के लिए जाना और रन बनाना, या मिडिल ऑर्डर में बैटिंग करना, बस किसी तरह मुझे टीम में जगह बनानी थी। लेकिन सबसे बड़ी चुनौती उस जगह को टीम में बरकरार रखना था। कई बार तो दबाव इतना पड़ता है कि बेस्ट परफॉर्मेंस नहीं दे पाता।
राहुल द्रविड़ को बैटिंग पर करना था फोकस
उन्होंने आगे कहा- उस समय टीम इंडिया के विकेट कीपर राहुल द्रविड़ थे। लेकिन उनका कहना था कि वो अब केवल बैटिंग पर ध्यान देना चाहते थे। विकेट कीपिंग की वजह से उनके शरीर पर काफी असर पड़ रहा था। कार्तिक को कुछ समय के लिए टीम में जगह मिली, लेकिन धोनी जब टीम में आए तो उन्होंने पूरे देश को अपने खेल से दीवाना बना दिया। बहुत जल्दी उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में खूब नाम कमा लिया।
टीम के लिए खुद को बदलने की ताकत
धोनी ने सीधे तौर पर तो नहीं, पर उनके अंदाज ने मुझे बहुत कुछ सिखाया। इस सफर में मैंने ये सीखा कि बदलाव और खुद को ढालना कितना जरूरी है। लेकिन सबसे ज्यादा जरूरी है कंसिस्टेंसी मेंटेंन करना और कभी हार न मानना। मैंने वे काम किया जो ज्यादातर खिलाड़ी नहीं करते। जैसे कॅरियर के आखिरी पांच सालों में छठे या सातवें नंबर पर बैटिंग करना। मैंने उस रोल को भी निभाया और उसमें सफलता हासिल की।
दिनेश कार्तिक का क्रिकेट कॅरियर
कार्तिक ने 2004 में इंटरनेशनल क्रिकेट डेब्यू किया था। उन्होंने आखिरी बार इंडिया के लिए 2022 में टी20 वर्ल्ड कप खेला था। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) टीम में शानदार परफॉर्मेंस दिखाई थी, इसी वजह से टीम में जगह मिली थी। कई साल तक ODI टीम में मिडिल ऑर्डर में खेला। कार्तिक ने अपने कॅरियर में 26 टेस्ट में 1025 रन, 94 ODI में 1752 रन और टी20 में 686 रन बनाए। उनकी सबसे यादगार पारी 2018 निदाहास ट्रॉफी के फाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ 8 गेंद पर 29 रन की पारी खेलकर टीम को जिताना।

