धर्मेन्द्र को क्रिकेटर्स की श्रद्धांजलि: राशिद लतीफ बोले- लेजेंडरी एक्टर चला गया, सचिन ने कहा- मेरा 10 किलो खून कम हो गया
Published:
3 min read

अभिनेता धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके लिए क्रिकेट जगत के कई बड़े खिलाड़ियों ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
स्पोर्ट्स डेस्क. दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। उनके जाने से देश में शोक की लहर है। क्रिकेट जगत के कई बड़े खिलाड़ियों ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उनके निधन की खबर सुनकर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और कप्तान राशिद लतीफ ने भी श्रद्धांजलि दी है। सचिन तेंदुलकर, विराट, कोहली, हरभजन और कई प्लेयर ने भी ‘हीमैन’ को याद किया है।
राशिद लतीफ ने कहा- धर्मेंद्र दिग्गज थे और शोले हमेशा एक क्लासिक रहेगी। पाकिस्तान में भी वह बहुत फेमस थे। लतीफ ने उनकी आत्मा की शांति और परिवार के लिए शक्ति की कामना की।
विराट कोहली
“आज हमने भारतीय सिनेमा के एक ऐसे महान कलाकार को खो दिया जिसने अपनी एक्टिंग से सभी को मोटिवेट किया। परिवार को इस मुश्किल समय में शक्ति मिले। मेरी संवेदनाएं।
सचिन तेंदुलकर
“मुझे धर्मेंद्र जी शुरुआत से ही बहुत पसंद थे। मिलने पर उनका जो प्यार और एनर्जी थी, वह कमाल की थी। वह हमेशा कहते थे, ‘तुमको देखकर मेरा एक किलो खून बढ़ जाता है। आज उनकी कमी बहुत महसूस हो रही है। लगता है जैसे मेरा 10 किलो खून कम हो गया। हम आपको बहुत याद करेंगे।
हरभजन सिंह ने लिखा- धर्मेन्द्र जी एक ऐसी शख्सियत थे जिनकी मुस्कान और अभिनय ने करोड़ों दिलों को छुआ। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।
वीरेंद्र सहवाग ने कहा- धर्मेन्द्र जी सिर्फ एक एक्टर नहीं थे, वे एक युग थे। सरल, मजबूत और सोने जैसे दिल वाले। उनकी यादें हमेशा दिल में रहेंगी।
शिखर धवन ने लिखा-आप सिर्फ कद में नहीं, बल्कि दिल और आत्मा में भी बड़े थे। धन्यवाद हमें सिखाने के लिए कि ताकत के साथ दया भी हो सकती है।
केदार जाधव, मदन लाल ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि धर्मेन्द्र जी जैसी हस्ती बार-बार नहीं आती।
सुरेश रैना ने X पर लिखा- धर्मेंद्र जी सिर्फ एक सुपरस्टार नहीं थे।वे सिनेमा की एक पूरी जनरेशन थे की भावनाआपने हमें जो यादें दीं, उसके लिए धन्यवाद। बॉलीवुड के ही-मैन, आपकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।
नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा- सबसे हैंडसम एक्टर,उनका सोने का दिल था।
युवराज ने सोशल मीडिया पर लिखा- वो हर रोल में ढल जाते थे। जहां भी जाते पंजाब की जिंदादिली साथ लेकर जाते। वो महान आत्मा थे।हर घर में एक पसंदीदा धर्मेंद्र की फिल्म होती थी। वह हमारे बचपन, हमारी यादों और भारतीय सिनेमा के सुनहरे दौर का एक बड़ा हिस्सा रहे।उन्होंने हर किरदार में ताकत, सादगी, ईमानदारी और एक खास आकर्षण लाया। वह जहां भी गए, पंजाब की गर्मजोशी साथ ले गए। शोहरत के पीछे एक बेहद सादगी भरा, जमीन से जुड़ा और इंसानियत से भरा इंसान था। उनकी यादें और उनकी पहचान हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगी।

