RO-HIT को 0 पर आउट किया: उत्तराखंड के पेसर देवेंद्र सिंह बोरा के बारे में जानिए; VIDEO
Published:
3 min read

उत्तराखंड के पेसर देवेंद्र सिंह बोरा ने जयपुर में पहली ही गेंद पर रोहित शर्मा को आउट किया।(@domesticcricket )
स्पोर्ट्स डेस्क. विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के ग्रुप स्टेज में मुंबई और उत्तराखंड के बीच शुक्रवार (26 दिसंबर) को जयपुर में मुकाबला खेला गया। इस मैच में रोहित शर्मा पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। उत्तराखंड के यंग पेसर देवेंद्र सिंह बोरा ने उन्हें गोल्डन डक पर पवेलियन भेजा। हिटमैन का विकेट गिरते ही पूरा स्टेडियम खामोश हो गया। आइए जानते हैं रोहित को आउट करने वाले इस यंग और सेंशेसनल पेसर के बारे में....
रोहित ने इसे मैच के पहले 24 दिसंबर को खेले गए मुकाबले में 155 रन की पारी खेली थी। दूसरे मैच से पहले फैन्स रोहित से बड़ी पारी की उम्मीद कर रहे थे। 25 साल के देवेंद्र की गेंद पर जगमोहन नागरकोटी ने रोहित का कैच पकड़ा। विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई टीम की कप्तानी शार्दुल ठाकुर कर रहे हैं।
इस तरह आउट हुए हिटमैन, VIDEO
उत्तराखंड से हैं देवेंद्र सिंह बोरा
देवेंद्र सिंह बोरा उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से आते हैं। वह लिस्ट ए क्रिकेट में उत्तराखंड की ओर से सिर्फ तीसरा मुकाबला खेल रहे थे। राज्य टीम से खेलने का यह उनका दूसरा साल है। देवेंद्र ने 2024 में पुदुचेरी के खिलाफ रणजी ट्रॉफी से फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। उसी साल मणिपुर के खिलाफ जयपुर में उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट से कॅरियर की शुरुआत की।
पिछले मैच में लिए 4 विकेट थे
विजय हजारे ट्रॉफी के पिछले मुकाबले में देवेंद्र ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 44 रन देकर 4 विकेट लिए थे। उस मैच में उत्तराखंड को 59 रन से हार का सामना करना पड़ा था। अब तक वह दो लिस्ट ए मैचों में 4 विकेट ले चुके हैं।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में देवेंद्र उत्तराखंड के लिए 15 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उनके नाम 30 विकेट लिए हैं। फर्स्ट क्लास में उनका बेस्ट 79 रन देकर 6 विकेट रहा है।
13 साल बाद रोहित शर्मा का गोल्डन डक
रोहित शर्मा लिस्ट ए क्रिकेट में 13 साल बाद गोल्डन डक पर आउट हुए हैं। इससे पहले जुलाई 2012 में श्रीलंका के खिलाफ वह पहली गेंद पर आउट हुए थे। मुंबई टीम के लिए लिस्ट ए क्रिकेट में यह रोहित की पहली गोल्डन डक रही। सभी फॉर्मेट मिलाकर मुंबई के लिए यह उनकी तीसरी गोल्डन डक है।
मुंबई ने उत्तराखंड को हराया
उत्तराखंड ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। रोहित पहली ही गेंद पर आउट हो गए। मुंबई ने उत्तराखंड के खिलाफ 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 331 रन बनाए। मुशीर खान और सरफराज खान ने 55-55 रन बनाए। हार्दिक तोमारे ने 82 गेंदों पर 93 रनों की नाबाद पारी खेली। जवाब में उत्तराखंड की टीम 50 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 280 रन ही बना पाई। युवराज चौधरी ने 96 और जे सुचित ने 51 रन बनाए । शार्दुल ठाकुर, ओमकार तरमाले और मुशीर खान ने 2-2 विकेट लिए।

