DPL के एलिमिनेटर मैच में बवाल: नीतीश राणा और दिग्वेश राठी आपस में भिड़े, कृष-अमन के बीच भी झगड़ा; 5 खिलाड़ियों पर फाइन
Published:
3 min read

दिग्वेश राठी (लेफ्ट) ने 2 ओवर के स्पेल में 39 रन दिए। नीतीश राणा ने 134 रन की पारी खेली। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क। दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2025 का एलिमिनेटर मैच शुक्रवार (29 अगस्त) को वेस्ट दिल्ली लायंस और साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के बीच हुआ। इस मैच में खिलाड़ियों के बीच जमकर बवाल हुआ। लायंस के कप्तान नीतीश राणा और दिग्वेश राठी आपस में भिड़े। इसके अलावा अमन भारती और कृष यादव भी आपस में लड़ लिए। इस मैच में नियम तोड़ने के चलते कुल 5 खिलाड़ियों पर फाइन लगा।
दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मैच में लायंस के कप्तान नीतीश राणा ने लीग का सबसे तेज शतक लगाया। मैच के दौरान ही दिग्वेश राठी और नीतीश के बीच झगड़ा हो गया। दोनों के झगड़े की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
यह था पूरा मामला
मैच में एक समय गेंदबाजी के दौरान दिग्वेश एक्शन के बीच ही रुक गए और बॉल नहीं डाली। शायद नीतीश को यह पसंद नहीं आया। इसका रिएक्शन उन्होंने अगली बॉल पर दिया, जब दिग्वेश गेंद फेंकने के लिए तैयार हुए तो नीतीश हट गए। राठी फिर से गेंद डाली और उस गेंद पर राणा ने सिक्स मार दिया। इसके बाद राणा ने बैट के साथ राठी के जश्न वाले सिग्नेचर स्टाइल को कॉपी किया, जिसे देख राठी भड़क गए। दोनों खिलाड़ियों के बीच जमकर बहस हुई। उन्हें खिलाड़ियों और अंपायर्स ने शांत कराया।
दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2025 में वेस्ट दिल्ली लायंस के कप्तान नीतीश राणा ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के खिलाफ 42 गेंदों में शतक ठोक दिया. इस दौरान उन्होंने 15 छक्के लगाए. मैच के बीच में उनकी स्पिनर दिग्वेश राठी से लड़ाई भी हो गई.
— Sukhalesh Yadav (@SukhaleshYadav) August 30, 2025
.#NitishRana #digveshrathi #cricket #DPL2025 pic.twitter.com/GTOdJv7XIW
मैच में राठी ने दो ओवर किए, जिसमें 39 रन दिए, जिसमें राणा अकेले ने 38 रन बनाए। नीतीश पर आर्टिकल 2.1 (लेवल) के नियमों का उल्लंघन करने के कारण मैच फीस का 50% फाइन लगा। राठी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए खेलते हैं।
दिग्वेश पर भी 80% फाइन
कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.6 (लेवल 1) के तहत सुपरस्टार्स टीम के स्पिन गेंदबाज राठी पर भी मैच फीस का 80% फाइन लगाया।
कृष यादव के आउट होते ही गरमा गया मैदान
मैच में एक मामला देखने को मिला, जब साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के तेज गेंदबाज अमन भारती ने वेस्ट दिल्ली लायंस के बल्लेबाज कृष यादव को 22 रन पर आउट करने के बाद सेंड-ऑफ दिया। इस पर कृष ने भी जवाब दिया और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। अमन भारती भी कृष की ओर गुस्से से आगे बढ़े और झगड़ा हो गया। इस बहस में सुमित माथुर बीच में कूद पड़े। अंपायर ने कृष को रोकते हुए पवेलियन भेज दिया। कृष यादव पर आर्टिकल 2.3 (लेवल 2) के तहत मैच फीस का 100% फाइन लगाया।
अमन भारती पर 2.3 (लेवल 1) मैच के दौरान गाली-गलौज करने के लिए मैच फीस का 30% फाइन लगाया। सुमित माथुर पर भी 50% मैच फीस जुर्माना लगाया।

