वॉर्नर को 9 महीने की जेल हो सकती है: अप्रैल में दर्ज हुआ था ड्रिंक एंड ड्राइव केस, 18 अगस्त को सजा सुनाई जाएगी
Published: Updated:
3 min read

पूर्व ओपनर डेविड वॉर्नर ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 112 टेस्ट, 161 वनडे और 110 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। (@ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. ड्रिंक एंड ड्राइव केस में फंसे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेविड वॉर्नर को 9 महीने की जेल हो सकती है। वॉर्नर इसी साल अप्रैल में शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए थे। उनके खिलाफ सिडनी में मिड-रेंज ड्रिंक ड्राइविंग का केस दर्ज किया गया।
ESPNCricinfo के अनुसार, वॉर्नर बुधवार (22 जुलाई) को वेवरली लोकल कोर्ट (Waverley Local Court) में पेश नहीं हुए। हालांकि उनके वकील बॉबी हिल ने वॉर्नर की तरफ से जुर्म स्वीकार कर लिया है।
1.44 लाख रु. का जुर्माना लग सकता है
अब इस मामले में 18 अगस्त को सजा सुनाई जाएगी। वॉर्नर को 9 महीने की जेल हो सकती है और उन पर 1,500 डॉलर (करीब 1.44 लाख भारतीय रुपए) का जुर्माना लग सकता है। इसके अलावा वॉर्नर का कम से कम 6 महीने के लिए लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया लगातार 3 सीरीज हारी: अब जिम्बाब्वे दौरा, श्रेयस की कप्तानी में 3 टी20 की सीरीज, देखिए शेड्यूल
वॉर्नर अपनी गलती पर शर्मिंदा
हाल ही में वॉर्नर के वकील बॉबी हिल ने कहा था- वॉर्नर को अपनी गलती का एहसास है और वे इस पर शर्मिंदा हैं। वकील के मुताबिक- यह मामला लोगों को यह समझाने के लिए काफी है कि शराब पीने के बाद टैक्सी, उबर या किसी दूसरे सुरक्षित साधन का इस्तेमाल करना ही सही फैसला होता है। उन्होंने यह भी कहा कि वॉर्नर वही सजा भुगतने को तैयार हैं जो किसी आम नागरिक को मिलती है।
हिल ने कहा था कि कई लोग यह मान लेते हैं कि थोड़ी शराब पीने के बाद भी वे सुरक्षित तरीके से ड्राइव कर सकते हैं, लेकिन असलियत में ऐसा फैसला जानलेवा हो सकता है।

क्या है मामला?
39 साल के वॉर्नर को सिडनी के पास मारौब्रा से 7 अप्रैल को अरेस्ट किया गया था। वॉर्नर अपनी कार को पार्क करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने रूटीन चेकअप के दौरान वॉर्नर से बात की। पुलिस के टेस्ट में वॉर्नर को ओवर ड्रिंक पाया गया।
इसके बाद वॉर्नर को अरेस्ट कर पुलिस स्टेशन ले जाया गया। यहां दोबारा टेस्ट हुआ। इसमें भी वॉर्नर ओवर ड्रिंक पाए गए थे। वार्नर के खून में अल्कोहल की मात्रा 0.104 पाई गई। यह ऑस्ट्रेलिया में लीगल लिमिट से डबल है। इसके बाद उन पर मिड-रेंज ड्रिंक ड्राइविंग का केस दर्ज किया गया।
वॉर्नर 7 मई को अदालत में पेश नहीं हुए थे। वकील बॉबी ने कहा था कि वॉर्नर बाद में अदालत में दोष स्वीकार करेंगे। वकील ने बताया कि ईस्टर संडे पर वॉर्नर ने एक दोस्त के घर तीन गिलास वाइन पी थी, लेकिन इसके बाद गाड़ी चलाने का फैसला गलत था। उन्होंने कहा कि वॉर्नर को टैक्सी या उबर लेनी चाहिए थी।
पहले भी विवादों में रहे हैं वॉर्नर
वॉर्नर ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने 112 टेस्ट में 8,786 रन बनाए। उनका कॅरियर विवादों से भी जुड़ा रहा है। 2018 में साउथ अफ्रीका दौरे पर हुए बॉल टैंपरिंग विवाद में भी वॉर्नर का नाम सामने आया था। उस मामले में उन्हें एक साल के लिए क्रिकेट से बैन कर दिया गया था।

