LSG प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम: चेन्नई ने 5 विकेट से हराया; उर्विल की फिफ्टी, ओवरटन को 3 विकेट
Published: Updated:
3 min read

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 53वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच रविवार (10 मई) को खेला गया। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए इस मैच को CSK ने 5 विकेट से जीत लिया। इसके साथ ही लखनऊ टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई है। तीन विकेट लेने वाले जेमी ओवरटन प्लेयर ऑफ द मैच बने।
चेन्नई टीम 208/5, उर्विल की फिफ्टी
मैच में चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया। इसके बाद लखनऊ टीम ने 204 रन का टारगेट सेट किया। जवाब में चेन्नई टीम ने 5 विकेट गंवाकर 208 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
उर्विल पटेल ने 23 बॉल पर 65 रन की पारी खेली। इसमें 8 सिक्स और 2 चौके लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 282.60 का रहा। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 28 बॉल पर 42 रन बनाए। आखिर में प्रशांत वीर ने 12 बॉल पर नाबाद 17 और शिवम दुबे ने 7 बॉल पर नाबाद 15 रन बनाकर मैच फिनिश किया। लखनऊ के लिए दिग्वेश राठी और शहबाज अहमद ने 2-2 विकेट लिए।
लखनऊ टीम 203/8, इंग्लिस की फिफ्टी
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए लखनऊ टीम ने 8 विकेट पर 203 रन बनाए। ओपनर जोश इंग्लिस ने 33 बॉल पर 85 रन की पारी खेली। इस दौरान 6 सिक्स और 10 चौके लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 257.57 का रहा।
आखिर में शहबाज अहमद ने 25 बॉल पर नाबाद 43 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बैटर 20 का आंकड़ा नहीं छू सका। चेन्नई टीम के लिए पेसर जेमी ओवरटन ने 36 रन देकर 3 विकेट लिए। अंशुल कम्बोज को 2 और नूर अहमद को 1 सफलता मिली।
लखनऊ प्लेऑफ से बाहर होने वाली पहली टीम
ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ टीम यह मैच हारते ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। इस टीम ने अब तक 11 में से सिर्फ 3 ही मैच जीते और 8 हारे हैं। 6 अंक के साथ यह टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे यानी 10वें नंबर पर है।
दूसरी ओर चेन्नई टीम ने अब तक 11 में से 6 मैच जीते और 5 हारे हैं। 12 पॉइंट्स के साथ यह टीम अब 5वें नंबर पर पहुंच गई है।
CSK vs LSG हेड-टू-हेड
कुल मैच: 7
लखनऊ ने जीते: 3
चेन्नई ने जीते: 3
बेनतीजा: 1
दोनों प्लेइंग-11
लखनऊ सुपर जाइंट्स: मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), एडेन मार्करम, अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, शहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी और प्रिंस यादव।
इम्पैक्ट सब: मुकुल चौधरी, आवेश खान, अब्दुल समद, मणिमारन सिद्धार्थ और मयंक यादव।
चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, अकील हुसैन, अंशुल कंबोज, नूर अहमद और मुकेश चौधरी।
इम्पैक्ट सब: गुरजपनीत सिंह, प्रशांत वीर, मैथ्यू शॉर्ट, सरफराज खान और आकाश मधवाल।

