ये मेरा आखिरी FIFA वर्ल्ड कप: रोनाल्डो बोले- फुटबॉल को अपना सबकुछ दिया; कल राउंड ऑफ 16 में स्पेन से मैच
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने साफ कर दिया है कि यह FIFA वर्ल्ड कप 2026 उनके कॅरियर का आखिरी सीजन होगा। स्पेन के खिलाफ राउंड ऑफ 16 मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में 41 साल के रोनाल्डो ने अपने फ्युचर को लेकर बात की। इसी दौरान उन्होंने अर्जेंटीना की एक फ्लाइट अटेंडेंट से हुई इंटरेस्टिंग बातचीत का भी जिक्र किया।
मेरा आखिरी वर्ल्ड कप- रोनाल्डो
रोनाल्डो ने कहा- यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप है। बस उम्मीद है कि कल (7 जुलाई) मेरा आखिरी मैच न हो। रिटायरमेंट का फैसला मेरा ही होगा। लोग हर बार यही पूछते हैं कि क्या ये मेरा आखिरी वर्ल्ड कप है। मैंने फुटबॉल को अपना सबकुछ दिया है। कभी मजबूरी में नहीं खेला। सिर्फ अपने पैशन के लिए खेला। नेशनल टीम के लिए खेलना हमेशा गर्व की बात रही है। कॅरियर को लेकर कोई पछतावा नहीं है।
स्पेन को हराने का भरोसा
रोनाल्डो ने माना कि स्पेन स्ट्रांग टीम है और टाइटल की बड़ी दावेदार भी, लेकिन उन्हें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा- हम हर मैच के साथ बेहतर हुए हैं। टीम पूरी तरह तैयार है। मुझे लगता है कि हम स्पेन को हरा सकते हैं।
छठा वर्ल्ड कप
रोनाल्डो अपने कॅरियर का छठा FIFA वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। स्पेन के खिलाफ उतरते ही वह पुर्तगाल के लिए 233वां इंटरनेशनल मैच खेलेंगे। स्पेन के खिलाफ उनके नाम 4 गोल हैं। इनमें 2018 वर्ल्ड कप की हैट्रिक भी शामिल है।

पार्टनर और अर्जेंटीना पर मजेदार किस्सा सुनाया
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रोनाल्डो ने फ्लाइट का एक मजेदार किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि अमेरिका जाते वक्त फ्लाइट में एक अटेंडेंट को देखकर उन्हें लगा कि वह अर्जेंटीना से है। रोनाल्डो ने उससे पूछा, "आप अर्जेंटीना से हैं ना?" उसने जवाब दिया, "आपको कैसे पता?" इस पर रोनाल्डो हंसते हुए बोले, "जिस तरह आपने मुझे देखा और फिर तुरंत नजरें फेर लीं, उससे समझ गया कि आप अर्जेंटीना से हैं।"
मेरी पार्टनर भी अर्जेंटीना की है- रोनाल्डो
रोनाल्डो के मुताबिक अटेंडेंट ने हंसते हुए कहा- आपको अर्जेंटीना पसंद होना चाहिए, क्योंकि आपकी पत्नी भी अर्जेंटीना की हैं। इस पर रोनाल्डो भी मुस्कुरा दिए।
रोनाल्डो की पार्टनर जॉर्जिना रोड्रिगेज अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स से हैं। रोनाल्डो ने कहा कि अर्जेंटीना के लोगों के साथ ऐसी मजाक-मस्ती की एक वजह लियोनेल मेसी के साथ उनकी सालों पुरानी राइवलरी भी है।


