क्रिस्टियानो रोनाल्डो पहले अरबपति फुटबॉलर बने: नेटवर्थ 12 हजार करोड़ के पार हुई, सोशल मीडिया और ब्रांड एंडोर्समेंट में भी सबसे आगे
Published:
2 min read

क्रिस्टियानो रोनाल्डो सबसे ज्यादा इंटरनेशनल गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. फुटबॉल के सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो दुनिया के सबसे अमीर फुटबॉलर हैं। अब वह पहले अरबपति फुटबॉलर का तमगा भी हासिल कर चुके हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति 1.4 बिलियन डॉलर (करीब 12,400 करोड़) हो गई है। ये पहली बार है जब रोनाल्डो बिलियनेयर के इस इंडेक्स में शामिल हुए हैं। दुनिया के दूसरे सबसे अमीर फुटबॉलर लियोनल मेसी हैं। उनके नेटवर्थ करीब 832 मिलियन डॉलर (7,400 करोड़ रुपए) है।
2023 में अल नासेर क्लब में रोनाल्डो की कमाई बढ़ी
रोनाल्डो की कमाई का बड़ा हिस्सा उनकी सैलरी से आता है। यूरोप में उनकी सैलरी मेसी के बराबर थी, लेकिन 2023 में जब वे सऊदी अरब के अल नासेर क्लब में गए तो उनकी कमाई बढ़ गई। इस क्लब ने उन्हें टैक्स फ्री 200 मिलियन डॉलर सालाना सैलरी और बोनस दिया। साथ ही 30 मिलियन डॉलर का साइनिंग बोनस भी मिला।
लग्जरी प्रॉपर्टीज और रियल एस्टेट में इन्वेस्टमेंट
रोनाल्डो की कमाई का दूसरा बड़ा हिस्सा एंडोर्समेंट्स से आता है। Nike के साथ उनका दस साल का कॉन्ट्रैक्ट है। ये उन्हें सालाना लगभग 18 मिलियन डॉलर देता है। इसके अलावा अरमानी और कैस्ट्रोल जैसे ब्रांड्स के साथ पार्टनरशिप से उनकी कुल प्रॉपर्टी में करीब 175 मिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है।
रोनाल्डो ने अपने CR7 ब्रांड के तहत होटल, जिम और फैशन में भी काम किया है। इसके अलावा उनके पास कई लग्जरी प्रॉपर्टीज हैं, जिनमें लिस्बन के पास स्थित क्विंटा दा मरिन्हा गोल्फ रिसॉर्ट भी शामिल है, जिसकी कीमत लगभग 20 मिलियन यूरो है।
मेसी की सैलरी करीब 600 मिलियन
रोनाल्डो के सबसे पुराने कॉम्पटीटर लियोनेल मेसी ने अपने कॅरियर में कुल करीब 600 मिलियन डॉलर सैलरी (टैक्स से पहले) कमाई है। 2023 में मेसी ने इंटर मियामी जॉइन किया, तो उन्हें सालाना 20 मिलियन डॉलर मिले।
हालांकि, रोनाल्डो की कुल कमाई में उनके ब्रांड एंडोर्समेंट और बिजनेस इंवेस्टमेंट भी शामिल हैं, जिससे उनकी कमाई मेसी से ज्यादा हो गई।
इंस्टाग्राम पर रोनाल्डो सबसे फेमस
प्रॉपर्टी के अलावा, रोनाल्डो के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर 660 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। इससे वे सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले फुटबॉलर बन गए हैं।

