8 बॉल पर 8 छक्के: 11 बॉल पर फिफ्टी, मेघालय के आकाश ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया
Published: Updated:
2 min read

फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर आकाश चौधरी ने अब तक 30 फर्स्ट क्लास मैच की 50 पारियों में 503 रन बनाए। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. क्रिकेट में एक बार फिर आक्रामक बैटिंग देखने को मिली है। मेघालय के लिए खेलते हुए आकाश चौधरी ने 8 बॉल पर लगातार 8 छक्के लगाए। वे फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ऐसा करने वाले पहले क्रिकेटर बने। इसके साथ ही आकाश ने 11 बॉल पर फिफ्टी लगाते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया। आकाश ने रणजी ट्रॉफी में मेघालय के लिए खेलते हुए यह रिकॉर्ड बनाया।
दरअसल, ग्रुप स्टेज में मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के बीच 8 नवंबर से चार दिवसीय मैच खेला जा रहा है। सूरत के पिठवाला स्टेडियम खेले जा रहे इस मैच में मेघालय की टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। फिर 6 विकेट पर 628 रन बनाकर पहली पारी घोषित की।
आकाश ने तोड़ा बेन व्हाइट का रिकॉर्ड
इसी दौरान आकाश ने 8वें नंबर पर बैटिंग करते हुए 11 बॉल पर फिफ्टी लगाई। वे फर्स्ट क्लास क्रिकेट में फास्टेस्ट फिफ्टी लगाने वाले प्लेयर भी बने। इस दौरान आकाश ने लगातार 8 छक्के लगाए और स्ट्राइक रेट 357.14 का रहा। इस पारी में आकाश 14 बॉल पर 50 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इससे पहले फर्स्ट क्लास क्रिकेट में फास्टेस्ट फिफ्टी का रिकॉर्ड बेन व्हाइट के नाम था। आयरिश प्लेयर व्हाइट ने 2012 में लीसेस्टरशायर की ओर से खेलते हुए 12 बॉल पर फिफ्टी लगाई थी। यह मैच एसेक्स के खिलाफ खेला गया था।
आकाश का फर्स्ट क्लास करियर
फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर आकाश ने अब तक 30 फर्स्ट क्लास मैच की 50 पारियों में 503 रन बनाए। इस दौरान दो फिफ्टी भी लगाईं। बॉलिंग में आकाश ने 47 पारियों में 87 विकेट लिए हैं। तीन बार एक पारी में 5 विकेट ले चुके हैं। एक बार एक मैच में 10 विकेट लिए।
इंटरनेशनल क्रिकेट में रिकॉर्ड
- टेस्ट फॉर्मेट में फास्टेस्ट फिफ्टी का रिकॉर्ड पाकिस्तान के मिस्बाह उल हक के नाम है। उन्होंने 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 21 बॉल पर फिफ्टी लगाई थी। यह मैच अबु धाबी में हुआ था।
- वनडे में फास्टेस्ट फिफ्टी का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के एबी डिविलियर्स के नाम है। उन्होंने 18 जनवरी 2015 को वेस्टइंडीज के खिलाफ 16 बॉल पर फिफ्टी लगाई थी। यह मैच जोहानिसबर्ग में हुआ था।
- T20I में फास्टेस्ट फिफ्टी का रिकॉर्ड नेपाल के दीपेंद्र सिंह अरी के नाम है। उन्होंने 27 सितंबर 2023 को मंगोलिया के खिलाफ 9 बॉल पर फिफ्टी लगाई थी। यह मैच चीन के हांगझोऊ में हुआ था।

