पंत ने नहीं बदला खेल तो प्लेइंग 11 से बाहर होने का खतरा: क्रिकेट एक्सपर्ट्स बोले- शॉट सेलेक्शन सुधारने की जरूरत
Published:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने टीम इंडिया के विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत को लेकर चेतावनी दी है। साफ कहा गया है कि अगर पंत अपनी खेल का तरीका नहीं बदलते हैं, तो उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जा सकता है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि सिर्फ आक्रामक खेलना अब काफी नहीं है। पंत को अपनी बैटिंग में मैच्योरिटी दिखानी होगी। पूर्व क्रिकेटर अमित मिश्रा ने कहा कि पंत को अपने बैटिंग स्टाइल को लेकर अड़ियल रवैया नहीं अपनाना चाहिए। इसके साथ ही कई दूसरे पूर्व क्रिकेटर्स ने भी पंत की बैटिंग स्टाइल पर सवाल उठाए हैं।
पंत अपनी एग्रेसिव बैटिंग के लिए जाने जाते हैं। कई बार यही आक्रामकता टीम पर भारी पड़ी है। गलत समय पर शॉट खेलने की वजह से पंत जल्दी आउट हो रहे हैं। इससे टीम इंडिया को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पंत के खेल पर सवाल उठे
पंत का निडर अंदाज T20I जैसे फॉर्मेट में असरदार रहा है। उनमें कुछ ही ओवर में मैच का रुख बदलने की ताकत है। हाल के मुकाबलों में देखा गया कि वह मैच कंडिशन समझे बिना बड़े शॉट खेलने की कोशिश करते हैं। इसके चलते कई बार जल्दी पवेलियन लौट जाते हैं। कुछ मैचों में टीम को संभलकर खेलने की जरूरत थी। ऐसे में पंत का जोखिम भरा खेल काम नहीं आया।

एक्सपर्ट्स की राय
पूर्व खिलाड़ियों और क्रिकेट एक्सपर्ट्स का कहना है कि पंत को अपने खेल में बैलेंस लाना होगा। शॉट सेलेक्शन पर ज्यादा ध्यान देना जरूरी है। हर बॉल पर अटैक करने के बजाय सिचुएशन के मुताबिक बैटिंग करनी होगी। पार्टनरशिप निभाने की जिम्मेदारी भी लेनी होगी। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि ऐसा करने से पंत लंबे समय तक टीम इंडिया के अहम खिलाड़ी बने रह सकते हैं।
पंत की काबिलियत पर किसी को शक नहीं है। सबसे बड़ी समस्या कंसिस्टेंसी की रही है। कभी वह अच्छी पारी खेलते हैं तो कभी जल्दी आउट हो जाते हैं। मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज से टीम मुश्किल समय में संभालने की उम्मीद करती है। अगर पंत अपनी पारी को थोड़ा समय दें तो टीम को फायदा मिल सकता है।
अमित मिश्रा ने क्या कहा
एक पॉडकास्ट में पूर्व क्रिकेटर अमित मिश्रा ने कहा- ऋषभ पंत को अपना खेल बदलना होगा। ऐसा नहीं हुआ तो टेस्ट टीम से बाहर होने का खतरा रहेगा। विपक्षी टीमें पंत के खेल को समझ चुकी हैं और उसी के अनुसार प्लानिंग बना रही हैं। उन्होंने पंत को बैटिंग स्टाइल को लेकर अड़ियल रवैया न अपनाने की सलाह दी।

ऋषभ पंत की परफॉर्मेंस
पंत ने साल 2017 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 8 सेंचुरी हैं। इस साल पंत का प्रदर्शन मिलाजुला रहा हैं। हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में दो मैचों में वह सिर्फ 49 रन बना सके। शुभमन गिल की गैर मौजूदगी में उन्हें कप्तानी सौंपी गई थी। पंत की कप्तानी में भारत को सीरीज में 0-2 से हार मिली।
IPL 2025 में पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए वापसी की। उन्होंने RCB के खिलाफ सेंचुरी लगाई। टीम के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। इसके बावजूद पूरे सीजन में उनकी परफॉर्मेंस अच्छी नहीं थी। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में चोट के बावजूद उन्होंने कुछ अच्छी पारियां खेलीं। लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ मैच में बेन स्टोक्स के थ्रो पर वह रन आउट हो गए। उस समय वह 74 रन पर खेल रहे थे और शतक के करीब थे। कई लोगों ने उनके फैसले को गलत बताया।

सोशल मीडिया यूजर्स की राय बंटी हुई
सोशल मीडिया पर पंत को लेकर फैन्स की राय दो हिस्सों में बंटी हुई है। कुछ फैन्स चाहते हैं कि वह अपने एग्रेसिव अंदाज से समझौता न करें। वहीं कई लोग मानते हैं कि अब उन्हें मैच्योर बल्लेबाजी दिखानी चाहिए। कुछ फैंस का कहना है कि पंत को उन्हीं फॉर्मेट पर ध्यान देना चाहिए जहां उनका खेल ज्यादा अच्छा है।

