CWG से पहले भारतीय बॉक्सिंग टीम का सामान गायब: ट्रेनिंग इक्विपमेंट और ओपनिंग सेरेमनी की ड्रेस नहीं पहुंची, लगातार दूसरी बार हुई ऐसी परेशानी
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games) 2026 शुरू होने से पहले भारतीय बॉक्सिंग टीम की टेंशन बढ़ गई है। ग्लास्गो पहुंचने के बाद टीम के कई प्लेयर्स और सपोर्ट स्टाफ का लगेज नहीं पहुंचा। गायब बैग्स में ट्रेनिंग इक्विपमेंट के साथ ओपनिंग सेरेमनी के लिए रखी गई ड्रेस भी शामिल हैं।
इन प्लेयर्स का सामान नहीं पहुंचा
रिपोर्ट के मुताबिक, साक्षी चौधरी (51 किग्रा), मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन जैसमीन लम्बोरिया (57 किग्रा), परवीन हुड्डा (65 किग्रा), जदुमणि सिंह (55 किग्रा), कपिल पोखरिया (90 किग्रा) और मेंस हेड कोच सी. कुट्टप्पा समेत कई लोगों का सामान अभी तक नहीं पहुंचा है।

छोटे एयरक्राफ्ट की वजह से दिक्कत हुई
भारतीय टीम बेलफास्ट में ट्रेनिंग कैंप के बाद ग्लास्गो पहुंची थी। रिपोर्ट के अनुसार, बेलफास्ट से ग्लास्गो के बीच छोटे एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल किया गया, जिसमें सभी बैग्स नहीं आ सके। इसी वजह से टीम का जरूरी सामान पीछे रह गया।
कॉमनवेल्थ गेम्स में बॉक्सिंग मुकाबले शुक्रवार से शुरू होंगे। ऐसे में टीम अपने सामान के जल्द पहुंचने का इंतजार कर रही है। अगर देरी होती है तो प्लेयर्स की आखिरी ट्रेनिंग प्रभावित हो सकती है। इससे पहले दोहा से बेलफास्ट जाते समय भी टीम का सामान समय पर नहीं पहुंचा था। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना ने ट्रैवल मैनेजमेंट पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भारत के कुल 125 प्लेयर्स
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के कुल 125 प्लेयर्स हिस्सा ले रहे हैं। भारत सरकार ने खिलाड़ियों की तैयारी पर 53 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए हैं। सबसे ज्यादा पैसा एथलेटिक्स, बॉक्सिंग और वेटलिफ्टिंग की तैयारी पर लगाया गया है। इस बार गेम्स 23 जुलाई से स्कॉटलैंड के ग्लासगो में शुरू होंगे।
इस बार 74 देश और टेरिटरी हिस्सा ले रहे हैं। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में 23 जुलाई से 2 अगस्त तक होने वाले इन गेम्स में करीब 3,000 खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में दावेदारी पेश करेंगे।

यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप 2026 की बेस्ट प्लेइंग XI: मेसी-एम्बाप्पे और हालैंड को जगह, कोबेल गोलकीपर; रोनाल्डो-यमाल बाहर

