नेशनल रेस चैंपियन चिराग त्यागी की हत्या: साथी खिलाड़ी हिरासत में, 2 दिन पहले एशियन पैरा गेम्स के लिए क्वालिफाई किया था
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पैरा एथलीट चिराग त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 2 दिन पहले ही चिराग ने बेंगलुरु में हुई नेशनल चैंपियनशिप में 400 मीटर रेस में गोल्ड मेडल जीता। साथ ही इसी साल जापान में होने वाले पैरा एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई किया था।
दिल्ली से गांव लौट रहे थे चिराग
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के मुरादनगर निवासी चिराग त्यागी का शव साईं उपवन इलाके में मिला। पुलिस के मुताबिक, चिराग को गोली मारी गई थी। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई गई । CCTV फुटेज के आधार पर एक साथी पैरा एथलीट को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, चिराग शनिवार को दिल्ली के एक हॉस्टल से अपने गांव के लिए निकले थे। इसके बाद उनका शव गाजियाबाद के साईं उपवन इलाके में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस हत्या की वजह पता लगाने में जुटी है। परिवार को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।

