पुजारा की अनसुनी कहानी: इंग्लैंड में पत्नी-बेटी को अपने साथ होटल में नहीं रहने दिया; टीम को ऑस्ट्रेलिया में पहली सीरीज जिताई
Published:
4 min read

चेतेश्वर पुजारा की शादी पूजा पादरी से 13 फरवरी 2013 को हुई थी। दोनों की एक बेटी अदिति है, जिसका जन्म 22 फरवरी 2018 को हुआ था। (Instagram)
चेतेश्वर पुजारा ने रविवार (24 अगस्त) को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। 13 साल के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर में पुजारा के कई अनसुने किस्से रहे हैं। इनमें एक यह भी है कि उन्होंने अगस्त-सितंबर 2018 के इंग्लैंड दौरे पर अपनी पत्नी और बेटी को होटल से निकाल दिया था।
दरअसल, पुजारा नहीं चाहते थे कि पत्नी और बच्चे सीरीज के दौरान उनके साथ रहें। उन्हें अलग शिफ्ट कर दिया था। इसका नतीजा यह हुआ कि पुजारा ने अगले टेस्ट (साउथैम्पटन) में शतक लगाया।
6 महीने की बेटी और पत्नी को अलग रखा
पुजारा की पत्नी पूजा ने लल्लनटॉप को दिए एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि एक बार इंग्लैंड दौरे पर पुजारा ने उन्हें और 6 महीने की बेटी को अलग होटल या अलग रूम में रहने के लिए मजबूर किया था। पुजारा नहीं चाहते थे कि बच्ची के कारण उनकी नींद खराब हो और वे मैच में फ्लॉप हों।
टीम इंडिया ने अगस्त-सितंबर में इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज खेली थी। पुजारा की बेटी अदिति का जन्म 22 फरवरी 2018 को हुआ था। तब पत्नी पूजा ने 6 महीने की बेटी के साथ इंग्लैंड दौरे पर जाने की जिद की थी। यह किस्सा बताते हुए पूजा ने इंटरव्यू में कहा- “आना है तो आओ, लेकिन हम लोग एक रूम शेयर नहीं कर सकते। बच्चा है रात को उठ जाए, तबीयत बिगड़ जाए। मैनेजर को बोलकर होटल में व्यवस्था करवा दूंगा।”
अलग रूम तलाशने के लिए 24 घंटे का समय दिया
पूजा ने कहा- “वहां तो ठीक था, लेकिन जब हम साउथैम्पटन पहुंचे तो वहां रूम की दिक्कत हो गई। मैं सर्विस अपार्टमेंट में रहकर थक गई थी और होटल में ही रहना था। मैनेजर ने कहा कि होटल में रूम नहीं है। ये इंडिया तो है नहीं कि कुछ जुगाड़ हो। मैं मजबूर थी और एक ही रूम में रह रही थी। उन्होंने (पुजारा) ने कहा मैच में अभी 3 दिन का समय है, 24 घंटे हैं आपके पास, आप ढूंढ लो नया वाला घर। मेरी बेटी 6 महीने की है, मैं रूम कैसे तलाश करूं। मैं (पुजारा) कुछ नहीं कर सकता। मैच की तैयारी के लिए मुझे अलग रूम तो चाहिए।”
पूजा ने कहा- “बच्ची छोटी थी तो हमें पास में ही रहना था। कैसे भी करके मैंने पास में एक पूरा प्रोपर घर जैसा था, उसे 4 दिन के लिए रेंट पर ले लिया। पर जब उन्होंने (पुजारा) ने शतक लगाया तो बच्चे की तरह बैग लटकाकर मुस्कुराते हुए आए और बोले- कहा था ना कि काम आएगा (अलग रहना)।”
इस दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज में इंग्लैंड ने 4-1 से जीत दर्ज की थी। विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 593 रन बनाए थे। जबकि पुजारा 278 रन बनाकर छठे स्कोरर रहे थे। उन्होंने 4 टेस्ट की 8 पारियों में 1 शतक और 1 फिफ्टी लगाई थी। हालांकि कोहली-पुजारा मिलकर टीम को सीरीज नहीं जिता सके।
पहली बार टीम को ऑस्ट्रेलिया में सीरीज जिताई
इसके बाद दिसंबर 2018 में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया। यहां दोनों टीमों के बीच 4 टेस्ट की सीरीज हुई, जो टीम इंडिया के लिए शानदार रही। क्रिकेट इतिहास में भारतीय टीम ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीती थी। टीम इंडिया ने यह सीरीज 2-1 से जीती थी।
पुजारा प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए थे। आखिरी टेस्ट में भी उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। पुजारा ने सीरीज में 7 पारियों में 74.42 के औसत से सबसे ज्यादा 521 रन बनाए थे। इस दौरान 3 सेंचुरी और 1 फिफ्टी भी लगाई। 193 रन उनका बेस्ट स्कोर रहा। पुजारा के अलावा कोई भी प्लेयर सीरीज में 400 या उससे ज्यादा स्कोर नहीं बना सका था।
ऑस्ट्रेलिया में लगातार दूसरी टेस्ट सीरीज भी जीती
इसके बाद भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दूसरी टेस्ट सीरीज 2020-21 में खेली। इसे भी 2-1 से जीता था। इस तरह टीम इंडिया ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया में लगातार 2 टेस्ट सीरीज जीतीं। दूसरी सीरीज में भी पुजारा शामिल थे और उन्होंने 4 टेस्ट की 8 पारियों में 271 रन बनाए थे। वे भारतीय टॉप स्कोरर में दूसरे थे।
पुजारा ने कुल 103 टेस्ट खेले, जिसमें 7195 रन बनाए। उन्होंने करियर में सिर्फ 5 वनडे खेले, जिसमें 51 रन ही बना सके। पुजारा को टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू का मौका नहीं मिल सका।

