रोहित और कोहली को सलाह देने की जरूरत नहीं: पुजारा बोले- दोनों वनडे के बेस्ट बल्लेबाज, रिटायरमेंट के बाद भी समझते हैं जिम्मेदारी
Published:
3 min read

रोहिल शर्मा (लेफ्ट) और विराट कोहली IPL 2025 सीजन के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI सीरीज में मैदान पर उतर सकते हैं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क। रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से पहले ही रिटायरमेंट ले लिया है। वे अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट ही खेल रहे हैं। कोहली और रोहित का सपना ODI वर्ल्ड कप 2027 खेलना है। इसी बीच हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने वाले चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि वे दोनों अनुभवी खिलाड़ी हैं और अपनी जिम्मेदारी को समझते हैं। फ्यूचर टूर प्रोग्राम (FTP) में वनडे मैच बहुत कम शेड्यूल होते हैं। ऐसे में रोहित और विराट को फिटनेस को बरकरार रखना बेहद जरूरी होगा।
रोहित और कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप और ICC चैम्पियंस ट्रॉफी जीती है। इस साल के आखिर तक वे दोनों 6 ODI मैच खेल सकते हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज शामिल है।
पुजारा ने कहा - रोहित-विराट बेस्ट
भारत के पूर्व बल्लेबाज पुजारा ने कहा कि रोहित-विराट से क्या उम्मीदें की जा सकती हैं, यह बाद दोनों को बहुत अच्छे से पता है। कोहली-रोहित काफी समझदार और अनुभवी हैं, इसलिए उन्हें कोई सलाह देने की जरूरत नहीं है। वे व्हाइट-बॉल क्रिकेट के बेस्ट खिलाड़ी हैं। रोहित-कोहली एक ही फॉर्मेट खेल रहे हैं तो वे इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं।
बल्लेबाजों को ज्यादा से ज्यादा डोमेस्टिक मैच खेलने चाहिए
पुजारा ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के रुल को भी सपोर्ट किया, जिसमें खिलाड़ियों को डोमेस्टिक क्रिकेट खेलने का निर्देश दिया गया। इससे कॉम्पिटिशन का लेवल बढ़ जाता है और युवाओं को मोटिवेशन भी मिलता है। उन्होंने कहा कि बल्लेबाजों को ज्यादा से ज्यादा डोमेस्टिक मैच खेलना चाहिए। बॉलिंग के मामले में यह थोड़ा अलग हो सकता है। जैसे जसप्रीत बुमराह को अपने वर्कलोड का ध्यान रखना पड़ता है।
फेयरवेल सीरीज पर राजीव का जवाब
BCCI के अंतरिम अध्यक्ष राजीव शुक्ला से एक इंटरव्यू में पूछा गया कि विराट-रोहित को वैसा ही फेयरवेल मिलेगा जैसे सचिन तेंदुलकर को मिला था। इस पर राजीव ने कहा - "उन्होंने कब संन्यास लिया? विराट और रोहित दोनों ODI खेलेंगे। अगर वे खेल रहे हैं तो आप विदाई सीरीज के बारे में चिंतित क्यों हैं? हां, उन्होंने दो बार में दो अलग-अलग फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले लिया है लेकिन वे ODI खेल रहे हैं ना? इसके बारे में ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है।"
रिटायरमेंट पर BCCI की क्लीयर पॉलिसी
राजीव ने आगे कहा - "BCCI की पॉलिसी क्लीयर है। वे किसी भी खिलाड़ी को रिटायरमेंट लेने के लिए नहीं कहते हैं। एक खिलाड़ी खुद यह कॉल करता है, उसे डिसीजन लेना है और इसका सम्मान करना है। हम केवल तभी कुछ डिसाइड करते हैं जब यह आधिकारिक हो। विराट बेहद फिट हैं और रोहित इतना अच्छा खेल रहे हैं तो आप विदाई को लेकर क्यों चिंता कर रहे हैं?"
भारत-ऑस्ट्रेलिया ODI सीरीज
19 अक्टूबर – पहला वनडे, पर्थ
23 अक्टूबर – दूसरा वनडे, एडिलेड
25 अक्टूबर – तीसरा वनडे, सिडनी

