कोहली का पुजारा के लिए इमोशनल मैसेज: कहा- चौथे नंबर पर मेरा काम आसान बनाया; चेतेश्वर ने 2023 में खेला था आखिरी मुकाबला
Published:
3 min read

2013 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पुजारा ( लेफ्ट ) और कोहली ने मिलकर 222 रन की पार्टनरशिप कर टीम को जीत दिलाई थी ( फाइल )
स्पोर्ट्स डेस्क।चेतेश्वर पुजारा ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया है। विराट कोहली ने उनके लिए इंस्टाग्राम पर इमोशनल मैसेज शेयर किया। विराट और पुजारा की पार्टनरशिप में टीम इंडिया को कई बार मुश्किलों से निकाला और टीम को जीत दिलाई। पुजारा आखिरी बार 2023 में वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में नजर आए थे।
पुजारा और कोहली ने 83 पारियों में पार्टनरशिप कर 3513 रन बनाए। इसमें 7 सेंचुरी और 18 फिफ्टी शामिल हैं। 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 226 रन की पार्टनरशिप हुई। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2018-19 में पुजारा ने सात पारियों में 521 रन बनाए और भारत ने वह सीरीज 2-1 से जीती।
विराट ने इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर कर लिखा
“Thanks pujji, आपने चौथे नंबर पर मेरा काम आसान बना दिया। आपका कॅरियर शानदार रहा है। आपको बधाई और आगे के लिए शुभकामनाएं। भगवान भला करे @cheteshwarpujara।”
करीब एक हफ्ते पहले मन बना लिया था
रिटायरमेंट पर पुजारा ने कहा था- मुझे लगा कि अब सही समय है। मैंने इसके बारे में पहले ज्यादा नहीं सोचा था। करीब एक हफ्ते पहले लगा कि सही समय है, तो मैंने ये फैसला लिया। मेरे लिए और परिवार के लिए गर्व का पल है। मैं अपने सभी साथियों, कोच और सपोर्ट स्टाफ को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिनके साथ काम करने का मौका मिला। बचपन से ये सपना था कि भारत के लिए खेलूं। वह सपना पूरा हुआ और इतने साल तक ये सफर चलता रहा। बहुत सी यादें बनीं, कॅरियर में बहुत से अच्छे पल आए।
2023 में खेला था आखिरी मुकाबला
पुजारा ने टेस्ट कॅरियर का आखिरी मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2023 की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल में खेला था। इस मुकाबले में भारत के 209 रन से हारने के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। इसके बाद भले ही उन्होंने 2023-24 के घरेलू सीजन में ढेर सारे रन बनाए, लेकिन टीम में दोबारा जगह नहीं मिली। यहां तक कि इंग्लैंड के खिलाफ जब फरवरी-मार्च 2024 में भारत ने विराट कोहली के बिना घरेलू सीरीज खेली, तब भी उन्हें नहीं चुना गया।
पुजारा का क्रिकेट कॅरियर
पुजारा ने 103 मैच खेले, जिसमें 7195 रन बनाए। उनका एवरेज 43.60 रहा, जिसमें 19 सेंचुरी और 35 फिफ्टी शामिल हैं। पुजारा एक पारी में सबसे ज्यादा बॉल खेलने वाले भारतीय हैं। 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 202 रन की पारी खेली, जिसमें 525 बॉल खेली।

