द्रविड़ के बाद पुजारा बने दीवार: टेस्ट में अब कौन संभालेगा नंबर-3 की जिम्मेदारी, गिल को मिले सबसे ज्यादा मौके, जानिए रिकॉर्ड
Published:
3 min read

चेतेश्वर पुजारा ने 95 टेस्ट मैच में नंबर-3 पर बैटिंग की। जबकि शुभमन गिल ने 17 मैचों में यह जिम्मेदारी संभाली है। (सोशल मीडिया)
भारतीय टीम के टेस्ट प्लेयर चेतेश्वर पुजारा ने रविवार (24 अगस्त) को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। पुजारा ने टीम इंडिया को नंबर-3 पर मजबूती दी थी। राहुल द्रविड़ के बाद वे इस नंबर पर मजबूत दीवार बन गए थे।
इस बात का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि द्रविड़ ने 108 टेस्ट मैचों में नंबर-3 पर बैटिंग की। जबकि पुजारा ने 95 मुकाबलों में यह जिम्मेदारी संंभाली। अब सवाल यह है कि पुजारा के बाद नंबर-3 की यह गद्दी कौन संभालेगा?
सुदर्शन-करुण भी कई मौकों पर आजमाए
पुजारा ने करियर का आखिरी टेस्ट 7-11 जून 2023 को खेला था। उसके बाद नंबर-3 पर 6 भारतीय बैटर को आजमाया गया, लेकिन कोई भी मजबूत दावेदारी पेश नहीं कर सका। खास बाद यह रही कि इस दौरान सबसे ज्यादा मौके शुभमन गिल को मिले। उन्होंने खुद को साबित भी किया।
टीम इंडिया ने इसी साल जून-जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज खेली थी। इसमें गिल को पहली बार टेस्ट कप्तानी सौंपी गई। ऐसे में गिल ने सीरीज में नंबर-4 पर बैटिंग की। इस दौरान नंबर-3 पर साई सुदर्शन और करुण नायर को आजमाया, लेकिन दोनों फ्लॉप ही रहे।

गिल नंबर-3 पर नहीं आते तो तलाश जारी रहेगी
इस नंबर पर सुदर्शन ने 3 टेस्ट की 6 पारियों में 140 रन बनाए। सिर्फ एक फिफ्टी लगाई। जबकि करुण नायर ने 2 टेस्ट की 4 पारियों में 111 रन बनाए। वे फिफ्टी भी नहीं लगा सके। यदि टेस्ट में गिल चौथे नंबर पर ही बैटिंग करने आते हैं, तो नंबर-3 के लिए मजबूत प्लेयर की तलाश जारी रहेगी।
गिल ने इस 5 टेस्ट की सीरीज में सबसे ज्यादा 754 रन बनाए थे। यानी उन्होंने नंबर-4 पर भी दमदार प्रदर्शन किया है।
पुजारा के आखिरी टेस्ट (7-11 जून 2023) के बाद से टीम इंडिया ने टेस्ट में नंबर-3 पर 6 खिलाड़ियों को आजमाया। यह प्लेयर शुभमन गिल, साई सुदर्शन, करुण नायर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल और केएल राहुल हैं। इनमें गिल को ही सबसे ज्यादा मौके मिले हैं।

ऐसा रहा पुजारा का क्रिकेट करियर
पुजारा का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर 13 साल का रहा है। उन्होंने 19 अक्टूबर 2010 को डेब्यू किया था। जबकि आखिरी टेस्ट 7-11 जून 2023 को खेला। यह वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल था। पुजारा ने कुल 103 टेस्ट खेले, जिसमें 7195 रन बनाए। उन्होंने करियर में सिर्फ 5 वनडे खेले, जिसमें 51 रन ही बना सके। पुजारा को टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू का मौका नहीं मिल सका।

