BBL का पहला मैच भारत में होगा: चैंपियनशिप का ओपनिंग मैच चेन्नई में, पहली बार ऑस्ट्रेलिया के बाहर मुकाबला
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया की मशहूर टी-20 लीग बिग बैश लीग (BBL) का नया सीजन इस बार भारत से शुरू होगा। 2026-27 सीजन का पहला मैच दिसंबर में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। यह पहली बार होगा, जब BBL का कोई ऑफिशियल मैच ऑस्ट्रेलिया के बाहर खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच स्पोर्ट्स रिलेशन लगातार मजबूत हो रहे हैं।
पहली बार ऑस्ट्रेलिया से बाहर BBL
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया कि ओपनिंग मैच मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच खेला जाएगा। मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा। अब तक बिग बैश लीग का हर मैच ऑस्ट्रेलिया में ही खेला गया है। यह पहली बार होगा, जब लीग का ऑफिशियल मैच किसी दूसरे देश में होगा।

भारत बड़ा क्रिकेट मार्केट
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मानना है कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट मार्केट है। यहां मैच कराने से लीग को नए फैंस मिलेंगे और स्पॉन्सर्स व ब्रॉडकास्ट की वैल्यू भी बढ़ेगी। इस मैच को BCCI का भी सपोर्ट मिला है। भारत में BBL के ब्रॉडकास्ट राइट्स जियोस्टार के पास 2030 तक हैं। मैच के साथ फिल्म, म्यूजिक और दूसरे कल्चरल प्रोग्राम भी होंगे। टिकट और ट्रैवल पैकेज की जानकारी जल्द जारी की जाएगी।

