पेस बॉलर का हर फॉर्मेट खेलना मुश्किल: बुमराह के बचाव में भुवी; वेंगसरकर और अजहर बोले- वर्कलोड कम करना है तो IPL छोड़ दो
Published:
3 min read

भुवनेश्वर कुमार ने 223 इंटरनेशनल मैच में 302 विकेट लिए है। (फोटो क्रेडिट:सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज में जसप्रीत बुमराह ने 5 में से सिर्फ 3 टेस्ट मैच खेले। इस पर काफी लोगों ने सवाल उठाए कि बुमराह हर मैच क्यों नहीं खेलते। कई पूर्व क्रिकेटर दिलीप वेंगसरकर और मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी सवाल किए। हालांकि अब भुवनेश्वर कुमार ने बुमराह का बचाव किया है। भुवी ने कहा है कि पेस बॉलर के लिए हर फॉर्मेट में लगातार खेलना आसान नहीं होता।
बुमराह का 3 टेस्ट खेलना कन्फर्म था
भुवनेश्वर ने कहा- बुमराह का तीन टेस्ट खेलना पहले से कन्फर्म था। चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने सीरीज शुरू होने से पहले ही ये फैसला ले लिया था। इसके बाद भी जब जस्सी आखिरी टेस्ट मैच नहीं खेले तो लोगों ने उन्हें क्रिटिसाइज करना शुरू कर दिया।
बुमराह एक्शन अलग है
एक पॉडकास्ट में भुवी ने कहा-बुमराह की गेंदबाजी एकदम अलग है। उनका एक्शन बहुत मुश्किल है। इससे इंजरी का खतरा ज्यादा रहता है। इतने साल से वो लगातार खेल रहे हैं। ऐसे में थकान और इंजरी से बचने के लिए आराम देना जरूरी है।
टीवी पर मैच देखना आसान…
भुवनेश्वर ने आगे कहा- लोग टीवी पर मैच देखते है। हालांकि उनको यह नहीं पता मैदान पर बॉलिंग कितनी मुश्किल होती है। जब आप T20I, ODI और टेस्ट तीनों फॉर्मेट खेल रहे हों, तो ये एक पेसर के लिए और मुश्किल हो जाता है।
बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ हालिया सीरीज के तीन टेस्ट में 14 विकेट लिए। हालांकि टीम इंडिया इन मुकाबलों में जीत हासिल नहीं कर पाई। आखिरी टेस्ट में जीतने के बाद 2-2 से सीरीज बराबर रही। शुभमन गिल और मोहम्मद सिराज की तारीफ करते हुए भुवनेश्वर ने कहा- दोनों ने टीम को जिताने में अहम रोल अदा किया।
बुमराह को IPL से रेस्ट लेना चाहिए
इस बीच, पूर्व कप्तान दिलीप वेंगसरकर और मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी बुमराह के वर्कलोड मैनेजमेंट पर बातचीत की है। इन दोनों ने कहा- अगर बुमराह को रेस्ट चाहिए तो वो IPL से लेना चाहिए। तीन महीने वह आराम लेकर देश के लिए पूरी टेस्ट सीरीज खेल सकते हैं। वर्कलोड मैनेज करना आना चाहिए। अजहर ने 5 मैच में 23 विकेट लेने वाले अपने ही शहर हैदराबाद के सिराज की तारीफ की। कहा- इससे टीम इंडिया जीतने में कामयाब रही।
एशिया कप में खेलना मुश्किल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुमराह एशिया कप में वापसी कर सकते हैं, ये 9 सितंबर शुरु होने वाला है। भारत का पहला मैच 10 सितंबर को UAE से है। इसके बाद अक्टूबर में वेस्टइंडीज और नवंबर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होम टेस्ट सीरीज खेलनी है। अभी तय नहीं है कि बुमराह इन सीरीज का हिस्सा होंगे या नहीं।

