जडेजा-सुंदर को क्यों शतक से रोक रहे थे बेन स्टोक्स: मैच के बाद कहा- मैं अपने फ्रंटलाइन बॉलर्स को लेकर रिस्क नहीं लेना चाह रहा था
Published:
3 min read

मैनचेस्टर टेस्ट की दूसरी पारी में भारतीय टीम के लिए रवींद्र जडेजा ने नाबाद 107, शुभमन गिल ने 103 और वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 101 रन बनाए।
भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला ड्रॉ रहा। मैनचेस्टर में हुए इस मैच में एक अजीब वाकया देखने को मिला। मैच के 5वें दिन रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर शतक के करीब थे, तब इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स मैच ड्रॉ पर खत्म करने की बात कही थी। मैच के बाद स्टोक्स ने कहा कि वे अपने फ्रंटलाइन बॉलर्स की चोट को लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाह रहे थे।
दरअसल, मैनचेस्टर टेस्ट में 5वें दिन आखिरी एक घंटे का खेल बचा था। यानी 15 ओवर और होने थे। तभी इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने बैटिंग कर रहे जडेजा और सुंदर के सामने हाथ मिलाकर मैच ड्रॉ पर खत्म करने की बात कही।
मगर टीम इंडिया ने ऐसा नहीं किया, क्योंकि जडेजा और सुंदर शतक के करीब थे। वे सेंचुरी पूरी करना चाहते थे। उन्होंने खेल जारी रखा और दोनों ने नाबाद शतक लगाए।
स्पिनर डॉसन के पैरों में क्रैम्प आने लगे थे
स्टोक्स ने एक घंटे पहले मैच खत्म करने की पेशकश क्यों की? इसका खुलासा उन्होंने खुद ही कर दिया। मैच के बाद बेन स्टोक्स ने कहा- "मेरा मानना है कि सारा हार्ड वर्क इंडिया ने ही किया। वे दोनों (जडेजा-सुंदर) शानदार खेले। मैच उस मोड़ (ड्रॉ के लिए) पर पहुंच गया था तो ये क्लियर था कि नतीजा एक ही हो सकता है। उस स्थिति में अपने फास्ट बॉलर्स की चोट को लेकर मैं कोई रिस्क नहीं लेना चाहता था। जबकि सीरीज में एक और मैच बाकी है।"
इंग्लिश कैप्टन स्टोक्स ने कहा- "डॉसी (लियाम डॉसन) ने इस मैच में काफी सारे ओवर किए थे। वह थकने लगा था। खासकर उसके पैरों में क्रैम्प आने लगे थे। यही कारण था कि मैं उस आखिरी आधे घंटे के लिए अपने फ्रंटलाइन बॉलर्स की चोट को लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाह रहा था।"
Scored a hundred, saved the Test, farmed ♾ aura! 💁♂#RavindraJadeja didn't hesitate, till the end 👀#ENGvIND 👉 5th TEST | Starts THU, 31st July, 2:30 PM | Streaming on JioHotstar! pic.twitter.com/cc3INlS07P
— Star Sports (@StarSportsIndia) July 27, 2025
दूसरी पारी में 3 भारतीयों ने शतक लगाए
मैनचेस्टर टेस्ट में टॉस हारकर टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 358 रन बनाए थे। साई सुदर्शन ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए। जबकि बेन स्टोक्स ने 5 विकेट लिए। इसके बाद इंग्लैंड ने 669 रन बनाकर पहली पारी में 311 रन की बढ़त हासिल की। इस दौरान जो रूट ने 150 और बेन स्टोक्स ने 141 रन की पारी खेली।
इसके बाद भारतीय टीम ने मैच के पांचवें दिन खेल खत्म होने तक 4 विकेट गंवाकर 425 रन बनाए। इस तरह मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ। दूसरी पारी में भारतीय टीम के लिए रवींद्र जडेजा ने नाबाद 107, शुभमन गिल ने 103 और वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 101 रन बनाए।

