मैदान से दूर रहना सबसे मुश्किल होगा: स्टोक्स के रिटायरमेंट पर सचिन बोले- बेन जैसे खिलाड़ी हमेशा निडर सोच के साथ खेलते हैं
Published: Updated:
3 min read

2019 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के बाद सचिन तेंदुलकर ने ही चैम्पियन इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवार्ड दिया था। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड के ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया है। वर्ल्ड के क्रिकेटर्स उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट पर लिखा- स्टोक्स जैसे खिलाड़ी मैदान पर हमेशा जोश और निडर सोच के साथ खेलते हैं। अब उनके लिए क्रिकेट के मैदान से दूर रहना सबसे मुश्किल होगा।
सचिन ने किया पोस्ट
सचिन ने लिखा- मुश्किल हालात में भी स्टोक्स का आत्मविश्वास और निडर सोच उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है। मैंने हमेशा इस बात की तारीफ की है। आपका पॉजिटिव नेचर, निडर खेल और दबाव के समय टीम के लिए खड़े होने की काबिलियत हर बार देखने लायक होती थी।
उन्होंने आगे लिखा- एक ऑलराउंडर के रूप में बेन स्टोक्स इंग्लैंड के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। वहीं कप्तान के तौर पर भी उन्होंने अपने फैसलों और खेल को समझने की क्षमता से टीम को नई पहचान दी।
सचिन ने स्टोक्स के भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा, 'आपकी जिंदगी की नई पारी के लिए मेरी शुभकामनाएं। लेकिन मैं आपको जानता हूं, इसलिए मुझे लगता है कि क्रिकेट के मैदान से दूर रहना आपके लिए सबसे मुश्किल काम होगा। आने वाले समय के लिए शुभकामनाएं।'
आखिरी टेस्ट में परफॉर्मेंस
इंग्लैंड एंंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 28 जून को बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट की घोषणा करते हुए एक वीडियो शेयर किया था। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट का चौथा दिन था। स्टोक्स बॉलिंग कर रहे थे, तभी ECB ने यह पोस्ट शेयर की थी। स्टोक्स का यह आखिरी टेस्ट रहा, जिसकी दोनों पारी में कुल 45 रन बनाए और 6 विकेट लिए।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में इंग्लैंड की स्थिति
इस हार के बाद इंग्लैंड वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की पाॅइट टेबल में सातवें स्थान पर बना हुआ है। टीम ने अब तक 13 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उसे 8 में हार मिली है। धीमी ओवर गति (Slow Over Rate) के कारण 14 अंक कटने से इंग्लैंड का जीत प्रतिशत घटकर 24.36% रह गया है। इस मामले में इंग्लैंड सिर्फ वेस्टइंडीज और पाकिस्तान से आगे है।

कप्तान में स्टोक्स का रिकॉर्ड
35 साल बेन स्टोक्स ने इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी 44 मैचों में की है। इनमें से टीम ने 24 मैच जीते, 18 हारे और 2 मुकाबले ड्रॉ रहे। उनके पूरे टेस्ट कॅरियर की बात करें तो स्टोक्स ने 122 टेस्ट मैच खेले। उन्होंने 7,273 रन बनाए, जिसमें 14 शतक और 37 अर्धशतक शामिल हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 34.46 रहा। गेंदबाजी में उन्होंने 252 विकेट लिए और 6 बार एक पारी में 5 या उससे अधिक विकेट लिए है।
पाकिस्तान सीरीज में कौन संभालेगा कप्तानी?
इंग्लैंड की टीम अब 19 अगस्त से पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। स्टोक्स के संन्यास के बाद नए टेस्ट कप्तान की तलाश शुरू हो गई है। फिलहाल हैरी ब्रूक को कप्तानी का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। बेन स्टोक्स भी पहले ब्रूक के स्पोर्ट में अपनी राय दे चुके हैं। इससे पहले जब स्टोक्स एक नाइटक्लब विवाद के कारण टीम से बाहर थे, तब जो रूट ने टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली थी।

