बेन स्टोक्स ने कर्फ्यू रूल्स तोड़ने पर माफी मांगी: विवाद के चलते दूसरे टेस्ट से बाहर किया था; स्टोक्स तीसरे टेस्ट में खेलने उतरे
Published: Updated:
4 min read

इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स की न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में वापसी हो गई है। यह मुकाबला नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर 25 जून से हो रहा है।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने कर्फ्यू रूल्स तोड़ने और उसके चलते हुए विवाद के लिए साथियों और सपोर्ट स्टाफ से माफी मांग ली है। स्टोक्स ने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट को जीतने पर है। इस अहम मुकाबले से पहले स्टोक्स ने हाल ही में हुए विवाद पर खुलकर बात की।
उन्होंने तीसरे टेस्ट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था- मैं अपने साथियों और टीम के सपोर्ट स्टाफ से माफी मांगता हूं, क्योंकि उनके कारण टीम का ध्यान क्रिकेट से हटकर विवाद की ओर चला गया था। एक कप्तान के तौर पर उन्हें अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
स्टोक्स ने आगे कहा- इस पूरे मामले ने टीम का काफी ध्यान भटकाया। इसका असर सिर्फ उन पर नहीं, बल्कि पूरी टीम पर पड़ा। जो रूट, बाकी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ और यहां तक कि डेब्यू करने वाले युवा खिलाड़ियों पर भी इसका असर देखने को मिला।
कप्तान ने कहा कि एक व्यक्ति को अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए और जिन लोगों पर उसका असर पड़ा है, उनसे माफी मांगनी चाहिए। स्टोक्स ने बताया कि उन्होंने टीम के हर मेंबर से नजर मिलाकर अपनी गलती के लिए माफी मांगी।

स्टोक्स-एटकिंसन ने कर्फ्यू रूल को ब्रेक किया था
यह विवाद उस समय शुरू हुआ था जब लॉर्ड्स में हुए सीरीज के पहले टेस्ट में जीत के बाद स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन टीम के कर्फ्यू रूल को ब्रेक करते पाए गए थे। दोनों खिलाड़ी एक नाइटक्लब गए थे। इसके बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) और क्रिकेट रेगुलेटर ने मामले की जांच की। तब तक स्टोक्स और एटकिंसन को दूसरे टेस्ट से बाहर रखा गया था। दोनों खिलाड़ियों को बाद में लिखित चेतावनी दी गई।
इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर जीत के बाद खिलाड़ियों ने पहले लॉर्ड्स में जश्न मनाया और फिर रविवार रात लंदन के एक पब पहुंचे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक- टीम के खिलाड़ी वहीं पार्टी जारी रख रहे थे।
हालांकि, एक खिलाड़ी समय पर टीम होटल लौट गया ताकि रात 12 बजे तक लागू टीम के कर्फ्यू नियम का पालन कर सके। वहीं कप्तान बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन पार्टी जारी रखने के लिए चेल्सी के रेक्स रूम्स नाइटक्लब चले गए।
कथिततौर पर दोनों का रात करीब 1 बजे नाइटक्लब में रग्बी खिलाड़ी टोटोआ औवा से झगड़ा हुआ था। इस दौरान ने एटकिंसन पर मुक्का मारने की कोशिश की, लेकिन वह गलती से एक सुरक्षा गार्ड को लग गया। गार्ड को चोट आई और उसे टांके लगवाने पड़े। हालांकि स्टोक्स और एटकिंसन पर झगड़े के आरोप साबित नहीं हुए।

ब्रैंडन मैकुलम मेरे अच्छे दोस्त है
इस बीच मीडिया में ऐसी खबरें भी सामने आई कि स्टोक्स और हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। लेकिन स्टोक्स ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके और मैकुलम के बीच बहुत अच्छा रिश्ता है।
दोनों अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने कहा कि हर बात पर सहमत होना जरूरी नहीं होता, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि दोनों के बीच कोई विवाद है।

स्टोक्स ने जो रूट की तारीफ की
स्टोक्स ने जो रूट का भी सपोर्ट किया। दूसरे टेस्ट में स्टोक्स के बाहर होने से रूट ने कप्तानी संभाली थी। हार के बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। स्टोक्स ने कहा कि रूट का टीम के लिए आगे आकर जिम्मेदारी लेना उनके मजबूत कैरेक्टर को दिखाता है।
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टेस्ट सीरीज इस समय 1-1 की बराबरी पर है। अब सीरीज का फैसला तीसरे और आखिरी टेस्ट से होगा। मुकाबला 25 जून 2026 से नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में खेला जा रहा है।

