अमेरिका को हराकर बेल्जियम क्वार्टरफाइनल में: 4-1 से जीता मुकाबला, केटेलारे ने बैक टू बैक दो गोल किए; अब स्पेन से होगी टक्कर
Published:
2 min read

मेजबान अमेरिका का फीफा वर्ल्ड कप 2026 का सफर खत्म हो गया। प्री-क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम ने अमेरिका को 4-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इसके साथ ही अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के बाद वर्ल्ड कप से बाहर होने वाला तीसरा और आखिरी मेजबान देश बन गया।
स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम ने मेजबान अमेरिका को 4-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस शानदार जीत के साथ बेल्जियम ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, जहां उसका मुकाबला स्पेन से होगा। इस मैच के सबसे बड़े हीरो चार्ल्स डी केटेलारे रहे, जिन्होंने पहले हाफ में 2 गोल दागकर अमेरिका की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसके अलावा हांस वानाकेन और रोमेलु लुकाकू ने भी एक-एक गोल कर बेल्जियम की जीत को और आसान बना दिया।
शुरुआत से बेल्जियम का दबदबा
मैच की शुरुआत से ही बेल्जियम ने फियरलेस खेल दिखाया। 9वें मिनट में चार्ल्स डी केटेलारे ने पहला गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद अमेरिका ने 31वें मिनट में मालिक टिलमैन के फ्री-किक गोल की मदद से बराबरी कर ली। सिर्फ दो मिनट बाद ही डी केटेलारे ने हेडर से अपना दूसरा गोल दागकर बेल्जियम को फिर से 2-1 की बढ़त दिला दी।
अमेरिका को गलती पड़ी भारी
दूसरे हाफ में अमेरिका की एक गलती ने मैच लगभग खत्म कर दिया। गोलकीपर मैट फ्रीज गेंद को क्लियर करने बाहर आए, लेकिन गेंद पर नियंत्रण नहीं बना सके। इसका फायदा उठाकर हांस वानाकेन ने गोल दाग दिया और अपनी टीम को 3-1 की लीड दिला दी। मैच के अंतिम मिनटों में अमेरिका ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन बेल्जियम के अनुभवी गोलकीपर थिबो कोर्टुआ ने बचाव किए। फिर इंजरी टाइम में रोमेलु लुकाकू ने चौथा गोल कर जीत पर मुहर लगा दी।

अब मैच स्पेन से होगा
बेल्जियम अब 10 जुलाई को स्पेन के सामने होगी। स्पेन ने प्री-क्वार्टर फाइनल में पुर्तगाल को हराकर अंतिम-8 में जगह बनाई थी। स्पेन ने यह मुकाबला स्टॉपेज टाइम में जीता। 90 मिनट तक मुकाबला 0-0 से ड्रॉ था लेकिन स्टॉपेज टाइम में मरीनो के गोल ने स्पेन को क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया।

