BCCI की मोहसिन नकवी को वॉर्निंग: ACC को लिखे लेटर में कहा- एशिया कप ट्रॉफी देने में आनाकानी की तो एक्शन लेंगे
Published: Updated:
2 min read

सितंबर में ही भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 खिताब जीता था। फाइनल में पाकिस्तान को हराया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 ट्रॉफी के लिए एक बार फिर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सख्त एक्शन लिया है। उसने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) को एक लेटर लिखते हुए ट्रॉफी सौंपने की बात कही है। साथ ही ACC चीफ मोहसिन नकवी को साफ शब्दों में वॉर्निंग दी है कि यदि एशिया कप ट्रॉफी देने में आनाकानी की तो आगे बड़ा एक्शन लिया जाएगा।
नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन भी हैं। दरअसल, सितंबर में ही भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 खिताब जीता था। फाइनल में पाकिस्तान को हराया था। तब भारतीय टीम ने पाकिस्तानी नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।
आगे एक्शन लेते हुए ICC को लेटर लिखेंगे
इसके बाद नकवी ट्रॉफी अपने साथ ले गए थे। तब भारतीय टीम को चैम्पियन बनने के बावजूद ट्रॉफी नहीं मिली थी। इसको लेकर भारतीय बोर्ड ने ACC को लेटर लिखकर ट्रॉफी सौंपने की बात कही है। इसका खुलासा खुद BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने किया है।
सैकिया ने इंडिया टुडे से कहा- हमने ACC को लेटर लिखा और कहा है कि एशिया कप ट्रॉफी चैम्पियन टीम को दी जाए। हम अभी जवाब का इंतजार कर रहे हैं। यदि जवाब नहीं आया या रिस्पॉन्स निगेटिव रहा तो हम आगे बड़ा एक्शन लेते हुए ICC को लेटर लिखेंगे। हम स्टेप-बाय-स्टेप आगे बढ़ते हुए एक्शन ले रहे हैं। हमें इसे लगातार आगे बढ़ाते रहेंगे।
परमिशन के बगैर ट्रॉफी न दी जाए
हाल ही में खबर आई थी कि मोहसिन नकवी ने एक नया फरमान जारी किया है। उन्होंने ACC के अधिकारियों और कर्मचारियों से साफ कह दिया है कि उनकी इजाजत के बगैर ट्रॉफी को हाथ भी ना लगाएं। नकवी ने कहा- ट्रॉफी वह खुद भारत को देंगे। चाहे जब भी वो मौका आए। बिना मेरी इजाजत के भारत को ट्रॉफी नहीं दी जा सकती।
भारतीय टीम ने हैंडशेक नहीं किया था
यह घटना सिर्फ एक ट्रॉफी तक सीमित नहीं है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारत और पाकिस्तान के प्लेयर के बीच दूरी साफ देखी गई। भारतीय टीम ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। पाकिस्तानी प्लेयर्स कई बार मैदान पर उकसाने के इशारे भी किए थे। इसके अलावा नकवी ने सोशल मीडिया पर कुछ बयान भी दिए थे। इसमें भारतीय बोर्ड नाखुश है। BCCI का मानना है कि नकवी का यह रवैया खेल भावना के खिलाफ है।

