गौतम गंभीर के बयानों से BCCI नाराज: T20 वर्ल्ड कप में खराब खेले तो हेड कोच से हटाए जा सकते हैं
Published:
3 min read

गौतम गंभीर फोटो क्रेडिट: (PTI)
स्पोर्ट्स डेस्क.साउथ अफ्रीका से टेस्ट मैच हारने के बाद कोलकाता की पिच पर गौतम गंभीर के बयानों से BCCI खुश नहीं है। बोर्ड अभी कोई बड़ा कदम तो नहीं उठा रहा, लेकिन अगर भारत T20 वर्ल्ड कप में खराब खेलता है तो गंभीर की हेड कोच की पोजीशन खतरे में पड़ सकती है।
BCCI का बयान
BCCI के एक अधिकारी ने एक इंटरव्यू में इस बारे में बात की है। उन्होंने कहा कि अगर 2026 में घर में होने वाले T20 वर्ल्ड कप में भारत खराब खेलता है, तो गंभीर की कोचिंग पर फिर से सवाल उठेंगे।
फिलहाल BCCI ने कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की है क्योंकि उनके पास नए कोच के लिए ऑप्शन नहीं है। लेकिन, कहा जा रहा है कि (white-ball) व्हाइट बाॅल क्रिकेट के बाद गंभीर से बात होगी और फैसला बाद में लिया जाएगा।भारत की साउथ अफ्रीका से कोलकाता टेस्ट में हार के बाद गंभीर ने पिच क्यूरेटर का बचाव किया था। उन्होंने कहा था- यही पिच हम चाहते थे और यह बिल्कुल ठीक थी। हमने अच्छा नहीं खेला, इसलिए हारे।
BCCI को उनके ये बयान पसंद नहीं आए। बोर्ड के कुछ लोगों का मानना है कि टीम की बैटिंग दोनों मैचों में (कोलकाता और गुवाहाटी) बहुत खराब रही और गंभीर को पिच का बचाव नहीं करना चाहिए था। भारत चौथी पारी में सिर्फ 93 रन पर ऑल आउट हो गया था और मैच 30 रन से हार गया था।

गंभीर वर्ल्ड कप तक कोच रहेंगे
हालांकि, बोर्ड के अधिकारी के बयान से साफ हो जाता है कि गंभीर का कार्यकाल पूरा होने से पहले उनकी जॉब को कोई खतरा नहीं है। गंभीर को वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक के लिए कोच बनाया गया था। माना जा रहा है कि वो कार्यकाल पूरा करेंगे।
BCCI सेक्रेटरी ने भी कहा- बोर्ड बिना सोचे-समझे कोई फैसला नहीं लेता। हमने एक लंबा प्लान बनाया है और उसी के हिसाब से चल भी रहे हैं। हार-जीत तो खेल का हिस्सा हैं। हम हर बार (हारने पर) बदलाव नहीं करते हैं। यदि किसी तरह के बदलाव की जरूरत लगेगी तो समय आने पर फैसला किया जाएगा।
गंभीर ने जुलाई 2024 में कोच पद संभाला था। इसके बाद पहली ही घरेलू सीरीज में न्यूजीलैंड ने 3-0 से भारतीय टीम को हराया था। अब साउथ अफ्रीका ने 2-0 से क्लीन स्वीप किया है। इस तरह भारत ने घर में खेले गए सात टेस्ट मैचों में से पांच गंवाए हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या हुआ
सीरीज हारने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पत्रकार ने गंभीर से पूछा- क्या आपको लगता है कि आप इस पोस्ट के लिए सही हैं? इस पर गंभीर ने कहा था- मैं वहीं कोच हूं, जिसने भारत को इंग्लैंड में जीत दिलाई और इसी साल टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप भी जीता है। कुछ लोग केवल हार को याद रखते हैं। जीत को भूल जाते हैं, लेकिन मैं पूरी जिम्मेदारी लेने को तैयार हूं।
यह टीम पहले से बहुत अलग है। पिछले कुछ महीनों में टीम को कई बड़े बदलाव हुए है। रविचंद्रन अश्विन, रोहित शर्मा और विराट कोहली रिटायरमेंट ले चुके हैं। नई टीम के खिलाड़ियों के पास अनुभव कम है और कई बल्लेबाजों ने अभी तक 15 से भी कम टेस्ट मैच खेले हैं। युवा खिलाड़ियों को समय देना चाहिए ताकि वे सीख सकें और मजबूत बन सकें।
गंभीर आगे कहा- न्यूजीलैंड की टीम के खिलाफ जो भारतीय टीम उतरी थी, वह अनुभव के मामले में मौजूदा टीम से बिल्कुल अलग थी। इसलिए दोनों टीमों की तुलना करना सही नहीं है।

