टीम इंडिया के लिए नए स्पॉन्सर की तलाश: BCCI ने टेंडर जारी किया, 16 सितंबर आखिरी तारीख; जानिए नियम
Published:
2 min read

भारतीय बोर्ड ने नए जर्सी स्पॉन्सर के लिए 450 करोड़ रुपये कीमत आंकी है। इससे ज्यादा भी मिल सकते हैं। (BCCI)
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के जर्सी स्पॉन्सर के लिए तलाश शुरू कर दी है। बोर्ड ने मंगलवार (2 सितंबर) को टेंडर जारी करते हुए एक एडवर्टाइजमेंट दिया है। इसकी आखिरी तारीख 16 सितंबर तय की गई है। इसका मतलब है कि एशिया कप में टीम इंडिया बगैर जर्सी स्पॉन्सर के ही उतरेगी।
एडवर्टाइजमेंट के मुताबिक, 2 से 12 सितंबर तक एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट दस्तावेज खरीदे जा सकते हैं। 16 सितंबर डॉक्यूमेंट्स जमा कराने की आखिरी तारीख होगी। सितंबर के आखिरी हफ्ते तक नया स्पॉन्सर मिल सकता है।
भारतीय टीम को अक्टूबर में वेस्टइंडीज के साथ घरेलू टेस्ट सीरीज खेलनी है। इसी सीरीज के साथ भारतीय टीम के नए स्पॉन्सर की शुरुआत हो सकती है। भारतीय बोर्ड ने एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट डॉक्यूमेंट्स खरीदने के लिए 5 लाख रुपये (बिना GST) की नॉन रिफंडेबल फीस तय की है।
कौन अप्लाई कर सकेगा…
-
ऑनलाइन पैसे लेकर गेम खिलाने वाली कंपनियां, सट्टेबाजी, क्रिप्टोकरेंसी, एल्कोहल और तंबाकू कंपनियां अप्लाई नहीं कर सकेंगी।
-
यदि यह कंपनियां एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट डॉक्यूमेंट्स खरीद लेती हैं तब भी उन्हें स्पॉन्सर नहीं बनाया जाएगा।
-
जिन कंपनियों का पिछले 3 साल का टर्नओवर या नेटवर्थ 300 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा रही हो, वही अप्लाई कर सकती हैं।
-
नया जर्सी स्पॉन्सर के लिए कितने साल का कॉन्ट्रैक्ट होगा, बोर्ड ने यह नहीं बताया।
ड्रीम11 से 358 करोड़ की डील टूटी
रिपोर्ट्स की मानें तो भारतीय बोर्ड ने नए जर्सी स्पॉन्सर के लिए 450 करोड़ रुपये कीमत आंकी है। इससे ज्यादा भी मिल सकते हैं। नए स्पॉन्सर के साथ एशिया कप 2025 के बाद डील होगी, जो 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक के लिए रहेगी। इस दौरान टीम इंडिया द्विपक्षीय सीरीज, ICC टूर्नामेंट और एशिया कप में करीब 140 मैच खेलेगी।
दरअसल, इससे पहले फैंटेसी स्पोर्ट्स कंपनी ड्रीम11 से 358 करोड़ रुपये में डील हुई थी। यह करार हाल ही में टूटा है। लोकसभा और राज्यसभा में ऑनलाइन गेमिंग प्रमोशन और रेगुलेशन बिल के पास होने के बाद ड्रीम11 को तगड़ा झटका लगा। बिल पास होने के बाद कंपनी ने देश में अपने सभी रियल मनी बेस्ड गेम्स बंद करने का ऐलान किया है। इसी कारण उसे टीम इंडिया की जर्सी स्पॉन्सरशिप भी छोड़नी पड़ी।

