एशिया कप में सोशल मीडिया से दूर रहे: वरुण चक्रवर्ती बोले- मैनेजमेंट ने कहा था- बाहर क्या हो रहा है, इसको जानने की जरूरत नहीं
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 भारत के पाकिस्तान के साथ मुकाबले को लेकर सोशल मीडिया पर भारी विरोध हुआ। BCCI से मांग की जा रही थी कि वो पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर दे। भारत में लोग पहलगाम आतंकी हमले से नाराज थे और इसी वजह से पाकिस्तान से हर तरह के क्रिकेट रिश्ते खत्म करने की मांग कर रहे थे। इस टूर्नामेंट ने लगातार तीन बार पाकिस्तान को हराया और खिताब अपने नाम कर लिया।
टीम इंडिया के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के मुताबिक, एशिया कप के दौरान टीम इंडिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स डी-एक्टिवेट कर दिए। टीम इंडिया के मैनेजमेंट ने प्लेयर्स से कहा था कि वो सिर्फ क्रिकेट पर फोकस करें। बाहर जो चल रहा है, उसे जानने की जरूरत भी नहीं है।
सोशल मीडिया से दूरी
वरुण ने मुंबई में CEAT अवॉर्ड्स सेरेमनी के दौरान कहा- इस पूरे विवाद और माहौल के दौरान भारतीय टीम ने खुद को शांत रखा और सिर्फ क्रिकेट पर फोकस किया। टीम मैनेजमेंट की तरफ से इंस्ट्रक्शन्स थे कि प्लेयर्स सोशल मीडिया पर हो रही बहस से दूर रहें। सभी प्लेयर्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट बंद कर दिए थे। सिर्फ मैच के बाद कुछ पोस्ट करने के लिए एक्टिवेट करते थे। हम दूसरे देश में थे। इसलिए इंडिया में क्या हो रहा, इसका हमें आईडिया नहीं था। टीम का टारगेट एशिया कप जीतना था। बाहर की दुनिया से कोई लेना देना नहीं था।

इंडिया ने 3 बार हराया
भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में थे। फैन्स के बीच मुकाबले को लेकर माहौल सही नहीं था। हालांकि मैच शुरू हुए तो भारतीय टीम ने अपने परफॉरमेंस से सबको चुप करा दिया। इंडिया ने पाकिस्तान को एशिया कप में तीन बार हराया।
बिना ट्रॉफी सेलिब्रेशन किया
मैच जीतने के बाद असली हंगामा तब हुआ जब भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चेयरमैन और PCB पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने मंच पर बिना ट्रॉफी के ही जश्न मना लिया।

अर्शदीप ने आइडिया दिया
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में पूरी टीम ने खाली पोडियम पर खड़े होकर जीत का जश्न मनाया। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हुआ। वरुण ने बताया कि यह आइडिया अर्शदीप सिंह का था। टीम ट्रॉफी का इंतजार कर रही थी, लेकिन हम सब जानते हैं क्या हुआ। मैं तो खड़ा था और उम्मीद कर रहा था कि ट्रॉफी आएगी, लेकिन मेरे पास सिर्फ एक कॉफी कप था! इसलिए उसके साथ ही पोस्ट शेयर कर दिया।

