गिल उपकप्तान के लिए पहली चॉइस नहीं थे: कन्फ्यूज सिलेक्टर्स को पसंद आई कोच गंभीर की सलाह, अक्षर भी दावेदार थे
Published:
3 min read

शुभमन गिल ने भारतीय टीम के लिए आखिरी टी20 मैच 30 जुलाई 2024 को खेला था। इस मैच में गिल ने 37 बॉल पर 39 रन बनाए थे। (ICC)
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान मंगलवार (19 अगस्त) को हो गया है। 15 सदस्यीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे। शुभमन गिल को उपकप्तान बनाया गया है। इसी बीच खुलासा हुआ है कि उपकप्तानी के लिए सिलेक्टर्स काफी कन्फ्यूज थे। गिल उनकी पहली चॉइस नहीं थे।
मीटिंग में ऑनलाइन जुड़े कोच गौतम गंभीर ने अपनी सलाह दी, जो सिलेक्टर्स को पंसद आई। इसके बाद ही गिल को यह जिम्मेदारी मिली। इंडियन एक्सप्रेस ने रिपोर्ट में दावा किया है कि उपकप्तानी के लिए अक्षर पटेल सिलेक्टर्स की पहली पंसद थे।
पिछली सीरीज में अक्षर ही थे उपकप्तान
इससे पहले अक्षर पटेल ही उपकप्तान थे। भारतीय टीम ने पिछली टी20 सीरीज इसी साल फरवरी में इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी। तब अक्षर ने यह जिम्मेदारी निभाई थी। सिलेक्टर्स 31 साल के अक्षर को ही उपकप्तान बनाए रखना चाहते थे, लेकिन गंभीर ने गिल को पहली पंसद बताया।
हाल ही में शुभमन गिल को टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई है। इंग्लैंड दौरे पर गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया था। तब 5 टेस्ट की सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, मीटिंग में गंभीर ने समझाया कि 25 साल के गिल को यह जिम्मेदारी देनी चाहिए। इससे यह प्लेयर भविष्य में कप्तानी के लिए भी तैयार होगा। इसके बाद सिलेक्टर्स ने यह फैसला लिया।
तीनों फॉर्मेट में एक कप्तान की तैयारी
दरअसल, इस समय तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी20) में भारतीय टीम के अलग-अलग कप्तान हैं। टेस्ट में शुभमन गिल, वनडे में रोहित शर्मा और टी20 में सूर्यकुमार यादव कमान संभाल रहे हैं।
38 साल के रोहित टेस्ट-टी20 से संन्यास ले चुके हैं। वे कभी भी वनडे भी छोड़ सकते हैं। ऐसे में BCCI भविष्य के लिए तीनों फॉर्मेट में एक ही कप्तान के बारे में सोच रहा है। इसके लिए गिल को तैयार किया जा रहा है।
गिल ने एक साल से T20I मैच नहीं खेला
एशिया कप इस बार टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। गिल ने भारतीय टीम के लिए आखिरी टी20 मैच 30 जुलाई 2024 को खेला था। इस मैच में गिल ने 37 बॉल पर 39 रन बनाए थे। गिल ने अब तक 21 T20I मैच खेले, जिसमें 30.42 के औसत से 578 रन बनाए।
14 सितंबर को पाकिस्तान से मुकाबला
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

