रोहित की जगह गिल बनेंगे वनडे कप्तान: अय्यर की कप्तानी पर BCCI सेक्रेटरी बोले- ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई
Published:
2 min read

शुभमन गिल को हाल ही में भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी दी गई है। श्रेयस अय्यर अपनी कप्तानी में KKR टीम को IPL 2024 खिताब जिता चुके। (BCCI)
एशिया कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान होने और शुभमन गिल को कप्तानी मिलने के बाद एक और बड़ी खबर सामने आई। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए रोहित शर्मा की जगह श्रेयस अय्यर को वनडे फॉर्मेट की कमान सौंपी जा सकती है। अब इस मामले में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सेक्रेटरी देवोजीत सैकिया का बयान आया है। उन्होंने इसे अफवाह बताया है।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि BCCI एशिया कप के बाद रोहित और विराट कोहली दोनों ने उनके वनडे भविष्य को लेकर बात करेगा। यदि 38 साल के रोहित कप्तानी छोड़ते हैं तो श्रेयस को कमान सौंप दी जाएगी। उन्हें कम से कम वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक कप्तान बनाया जाएगा। रिपोर्ट्स में कहा था कि श्रेयस कप्तानी की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया दौरे से कर सकते हैं।
श्रेयस को कप्तान बनाने की कोई चर्चा नहीं
दरअसल, एशिया कप के बाद भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेलनी है। इसके बाद अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे और टी20 सीरीज होनी है।
इस मामले को लेकर HT ने देवोजीत सैकिया से बात की। इस दौरान BCCI सेक्रेटरी ने कहा- “यह मेरे लिए एक नई खबर है। ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है।”
समय आने पर गिल को मिलेगी कप्तानी
BCCI सूत्र ने कहा- उनका (गिल) का वनडे क्रिकेट में 59 का औसत है। जो उपकप्तान भी है। जिसे अभी टेस्ट कप्तानी दी गई हो, जिसने खुद को साबित भी किया और जिसकी उम्र भी कम हो, वो समय आने पर वनडे की कप्तानी ना संभाले, ऐसा कैसे हो सकता है।
मिडिल ऑर्डर बैटर ने IPL में शानदार कप्तानी की
दूसरी ओर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में श्रेयस ने शानदार कप्तानी की है। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 2024 सीजन में खिताब जिताया। पंजाब किंग्स (PBKS) को अपनी कप्तानी में 2025 सीजन के फाइनल तक पहुंचाया। हालांकि यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों शिकस्त मिली थी।
मिडिल ऑर्डर बैटर श्रेयस ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) की भी कप्तानी की है। उन्होंने इस टीम को IPL 2020 सीजन के फाइनल में पहुंचाया था। तब मुंबई इंडियंस (MI) से हार मिली थी। ऐसे में श्रेयस ने IPL में कप्तानी से सभी को प्रभावित किया है।

