IPL 2026 में स्मार्ट ग्लासेस बैन: BCCI ने कहा- ये ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, प्लेयर और मैच ऑफिसर्स इस्तेमाल नहीं कर सकते
Published:
3 min read

IPL के दौरान स्मार्ट चश्मों का इस्तेमाल करने पर खिलाड़ियों और अधिकारियों को भारी जुर्माना और सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 अब अपने आखिरी दौर में पहुंच चुका है और सिर्फ दो मुकाबले बाकी हैं। ऐसे समय में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI ने खिलाड़ियों और मैच ऑफिसर्स के लिए एक नया और सख्त नियम लागू कर दिया है। बोर्ड ने स्मार्ट सनग्लासेस यानी स्मार्ट चश्मों के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी है। BCCI का कहना है कि ये चश्मे सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं क्योंकि इनमें लाइव स्ट्रीमिंग, वीडियो कॉल और मैसेज जैसी सुविधाएं होती हैं और ये ये ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस की कैटेगरी में आते हैं।
BCCI की एंटी करप्शन यूनिट ने एडवाइजरी जारी की
BCCI की एंटी करप्शन यूनिट यानी ACSU ने सभी IPL टीमों को इस बारे में सलाह जारी की है। बोर्ड ने बताया कि कई कंपनियां खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को ऐसे स्मार्ट चश्मे बेच रही हैं जिनमें कैमरा और इंटरनेट की सुविधा है। इन चश्मों के जरिए कोई भी व्यक्ति मोबाइल डेटा या Wi-Fi से जुड़कर वीडियो कॉल कर सकता है, लाइव वीडियो चला सकता है और मैसेज भेज या पढ़ सकता है।
BCCI के मुताबिक- ऐसे डिवाइस खिलाड़ियों और मैच ऑफिसर्स के एरिया यानी PMOA (Players and Match Officials Area) में पूरी तरह बैन रहेंगे। बोर्ड ने कहा है कि स्मार्ट चश्मे कम्युनिकेशन डिवाइस और ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस की कैटेगरी में आते हैं, इसलिए इन्हें मैदान या ड्रेसिंग रूम के आसपास इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।

मोबाइल फोन और स्मार्ट वॉच जमा करना होगा
अब खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को मैच वाले दिन अपने मोबाइल फोन और स्मार्ट वॉच की तरह स्मार्ट चश्मे भी सिक्योरिटी ऑफिसर के पास जमा कराने होंगे। अगर कोई खिलाड़ी या ऑफिसर ऐसा नहीं करता तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है और जुर्माना भी लगाया जा सकता है। दरअसल इस सीजन IPL में कई बार नियम टूटने के मामले सामने आए हैं।
हाल ही में राजस्थान रॉयल्स के सपोर्ट स्टाफ सदस्य रोमी भिंडर पर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया था। वह मैच के दौरान टीम डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए कैमरे में कैद हुए थे। इसके बाद BCCI और ज्यादा सख्त हो गया। BCCI का कहना है कि IPL दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग है और इसकी साफ-सुथरी छवि बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसलिए किसी भी तरह की सुरक्षा लापरवाही या नियम तोड़ने को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


