एशिया कप ट्रॉफी तो अपने ही हाथों से दूंगा: ACC चीफ नकवी ने BCCI के लेटर का जवाब दिया, 10 नवंबर को दुबई में सेरेमनी का सुझाव
Published:
2 min read

टीम इंडिया ने एशिया कप 2025 में पाकिस्तानी टीम को लगातार तीन बार हराया था। इसमें फाइनल मुकाबला भी शामिल था।(फोटो फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB और इसके साथ ही एशिया क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चीफ मोहसिन नकवी टीम इंडिया को एशिया कप विनर्स की ट्रॉफी हैंडओवर करने के लिए तैयार नहीं हैं। पाकिस्तान के न्यूज चैनल जियो न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नकवी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के लेटर का जवाब दे दिया है। इसमें उन्होंने कहा है कि बतौर ACC चेयरमैन वो ट्रॉफी हैंडओवर के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए दुबई में एक सेरेमनी ऑर्गनाइज की जानी चाहिए।
10 नवंबर को सेरेमनी कर लीजिए
इस रिपोर्ट के मुताबिक- ACC ने BCCI को भेजे जवाब में कहा है कि अगर टीम इंडिया ट्रॉफी लेना चाहती है तो इसके लिए 10 नवंबर को दुबई में एक सेरेमनी होनी चाहिए और इसमें नकवी टीम इंडिया के किसी प्लेयर को ट्रॉफी हैंडओवर कर सकते हैं। इसके मायने ये हुए कि नकवी इस जिद पर अड़े हुए हैं कि वो खुद यह ट्रॉफी टीम इंडिया को देंगे। दूसरी तरफ, BCCI और टीम इंडिया नकवी से ट्रॉफी लेने के लिए तैयार नहीं है।

पाकिस्तान से फाइनल जीता था
टीम इंडिया ने एशिया कप 2025 में पाकिस्तानी टीम को लगातार तीन बार हराया था। इसमें फाइनल मुकाबला भी शामिल था। फाइनल में पाकिस्तान ने 19.1 ओवर में 146 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया ने 19.4 ओवर में 147 रन बनाए थे और पाकिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया था।

