BCCI ने धोनी को दिया मेंटर बनने का ऑफर: मनोज तिवारी का तंज- फोन उठाया क्या; एमएस के नाम हैं तीन ICC ट्रॉफी
Published:
3 min read

एमएस धोनी ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच 10 जुलाई 2019 को न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में खेला था। ( फाइल )
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टी20 वर्ल्ड कप (2026) के लिए पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को टीम का मेंटर बनने का ऑफर दिया है। अगर वह इस ऑफर कबूल कर लेते हैं तो यह दूसरी बार होगा जब वह टीम इंडिया के मेंटर बनेंगे। इस पर पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने मजाकिया अंदाज में तंज कसते हुए कहा- फोन उठाया क्या?
दुबई में हुए 2021 T20 वर्ल्ड कप में भी एमएस धोनी मेंटर थे। उस समय टीम के कप्तान विराट कोहली के हाथ में थी। लेकिन टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। इंडिया पहले दो मैच में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा। यह पहली बार था जब टीम पाकिस्तान से वर्ल्ड कप मैच में हारी थी।
धोनी बने एकमात्र कप्तान, जिनके नाम तीनों ICC ट्रॉफी
धोनी टीम इंडिया के एकमात्र कप्तान हैं जिन्होंने ICC की तीनों ट्रॉफी जीती हों। एमएस ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 ODI वर्ल्ड कप और 2013 चैम्पियंस ट्रॉफी जीती थी। लेकिन 15 अगस्त 2020 को धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था। फिलहाल वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स CSK के लिए खेल रहे हैं। वह 2026 का सीजन खेलेंगे या नहीं इसका फैसला वह दिसंबर तक लेंगे।
धोनी से कनेक्ट होना चुनौती
पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने कहा- यह तो समय बताएगा कि धोनी मेंटर बनने का ऑफर मानते हैं या नहीं। पहले वे कॉल ताे उठा लें, क्योंकि जहां तक मुझे पता है कि धोनी से फोन पर कनेक्ट कर पाना मुश्किल है। उनको मैसेज भेजने पर भी रिप्लाई बहुत कम मिलता है। बहुत सारे प्लेयर्स ने ये बात उस समय भी कही है जब धोनी टीम इंडिया के कप्तान थे। अभी वो रिप्लाई करेंगे या नहीं, इस पर मुझे डाउट है।
मेंटर और हेड कोच के रूप में देखना होगा दिलचस्प
तिवारी ने आगे कहा - मेरे लिए फिलहाल बोलना बहुत मुश्किल है कि वो क्या इंपैक्ट लेके आएंगे। उनका बतौर कप्तान और खिलाड़ी जो तजुर्बा रहा है वो काम में आएगा। जितने भी नए खिलाड़ीउभर के आ रहे और इंडियन टीम के सितारे बन रहे हैं, कहीं न कहीं उनकी बहुत इज्जत करते हैं। वे उनकी बात सुनेंगे। सबसे बड़ी बात यह रहेगी कि धोनी और गंभीर की जोड़ी भी लाजवाब जोड़ी होगी।
वर्ल्ड कप जीत किसी एक खिलाड़ी का नहीं
तिवारी ने कहा कि सालों से सोशल मीडिया पर धोनी और गंभीर की चर्चा रही है। दोनों ने 2011 ODI वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में चौथे विकेट के लिए यादगार पार्टनरशिप की थी। गंभीर ने 97 रन तो धोनी ने नाबाद 91 रन की पारी खेली थी। गंभीर का कहना है कि 2011 जीत का क्रेडिट पूरी टीम को मिलना चाहिए, न कि किसी एक खिलाड़ी को।

