एशिया कप ट्रॉफी को लेकर नकवी से मीटिंग: BCCI सेक्रेटरी बोले- ट्रॉफी कैसे लेनी है, इसका रास्ता भी हम बताएंगे
Published:
2 min read

मोहसिन नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन और पाकिस्तानी सरकार में गृह मंत्री भी हैं। यही कारण था कि भारतीय टीम ने उनके हाथों से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 की ट्रॉफी को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सेक्रेटरी देवजित सैकिया और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चीफ मोहसिन नकवी के बीच दुबई में एक अनऑफिशियल मीटिंग हुई। इस दौरान आपसी समझौते के साथ ट्रॉफी को जल्द ही टीम इंडिया को देने पर बात हुई। सैकिया ने कहा कि ट्रॉफी कैसे लेनी है, इसका रास्ता हम भी बताएंगे।
नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन और पाकिस्तानी सरकार में गृह मंत्री भी हैं। यही कारण था कि 28 सितंबर को जब भारतीय टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप खिताब जीता था। तब नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था। तब से नकवी यह ट्रॉफी अपने पास रखे हुए हैं।
अनऑफिशियल मीटिंग में हुई बात
दुबई में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की मीटिंग हुई। इस ऑफिशियल मीटिंग में ट्रॉफी का मामला नहीं उठाया गया, लेकिन नकवी और सैकिया के बीच एक अनऑफिशियल मीटिंग हुई। इसमें दोनों के बीच ट्रॉफी को लेकर बात हुई। इसकी जानकारी खुद सैकिया ने दी है।
ICC ने यह मीटिंग ऑर्गेनाइज की
उन्होंने कहा- मैंने ICC की ऑफिशियल और अनऑफिशियल दोनों ही मीटिंग में हिस्सा लिया। PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी भी मौजूद रहे। ऑफिशियल मीटिंग में यह एजेंडा नहीं रहा, लेकिन ICC ने मेरे और PCB चीफ के बीच एक अलग से अनऑफिशियल मीटिंग ऑर्गेनाइज की थी। इसमें ICC के 2 सीनियर अधिकारी भी मौजूद रहे थे।
सैकिया ने कहा- इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाने के लिए दोनों पक्ष कोई ना कोई रास्ता निकालेंगे। दोनों के बीच तकरार कम हुई है, इसलिए कई ऑप्शन को लेकर बात की जाएगी। उनके पास भी कई ऑप्शन हैं और हम भी मामला सुलझाने के लिए कई ऑप्शन बताएंगे।

