विदेशी खिलाड़ियों पर भड़के गावस्कर: कहा- IPL की इज्जत नहीं करते तो मत खेलो, घर पर ही रहो
Published:
2 min read

पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने विदेशी खिलाड़ियों की आलोचना की। (@PTI)
स्पोर्ट्स डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को अबुधाबी में होगा। 1355 प्लेयर्स ने पहले ही ऑक्शन के लिए अपना नाम रजिस्टर करवा लिया है। इनमें से कुछ विदेशी खिलाड़ियों ने शर्तों के साथ रजिस्टर किया है। सुनील गावस्कर इस बात से नाराज दिखे। उन्होंने इन विदेशी खिलाड़ियों की कड़ी आलोचना की और सख्त हिदायत भी दी।
सुनील गावस्कर को क्यों आया गुस्सा?
मिड-डे के अपने कॉलम में गावस्कर ने लिखा- ‘अगर कोई खिलाड़ी IPL की इज्जत नहीं करता और पूरा सीजन नहीं खेलना चाहता तो उसका नाम ऑक्शन में भी नहीं आना चाहिए। देश की ड्यूटी अलग बात है, लेकिन अगर शादी या छुट्टी ज्यादा जरूरी है तो भाई... घर पर ही रहो। IPL दुनिया का सबसे बड़ा टी20 लीग है। इसे हल्के में लेने वालों को जगह नहीं मिलनी चाहिए।’
ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बैटर जोश इंग्लिस ने खुद को 2 करोड़ के बेस प्राइज में रखा है। उन्होंने शर्त रखी है कि वे अगले सीजन में सिर्फ 4 मैचों के लिए ही उपलब्ध रहेंगे। गावस्कर इसी बात से खुश नहीं हैं। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए हिदायत दी कि यदि खेलना है तो पूरा सीजन खेलो वरना घर बैठो।
यह भी पढ़ें : शूटिंग वर्ल्ड कप में भारत को 6 मेडल: सिमरनप्रीत ने जीता गोल्ड, मनु भाकर खाली हाथ
IPL में बगैर खेले भी अनकैप्ड प्लेयर करोड़पति बन जाता है
गावस्कर ने अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों को भी नसीहत दी है। गावस्कर ने अपने कॉलम में कहा- ‘रणजी ट्रॉफी में एक खिलाड़ी पूरे सीजन खाली स्टेडियम में पसीना बहाता है। फिर भी लाखों में सैलरी मिलती है। वहीं IPL में कोई अनकैप्ड लड़का 16 दिन में करोड़पति बन जाता है और ज्यादातर तो बेंच पर ही बैठा रहता है। दो सीजन बाद कोई पूछता भी नहीं।’

