BCCI को नए जर्सी स्पॉन्सर से मिलेंगे 450 करोड़ रुपए: 2027 वर्ल्ड कप तक 140 मैचों के लिए होगा करार; एशिया कप के बाद होगी डील
Published:
3 min read

भारतीय टीम सितंबर में एशिया कप 2025 खेलेगी, जिसके लिए टीम का ऐलान कर दिया गया है। टूर्नामेंट का पहला मैच 9 सितंबर को होगा। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को टीम इंडिया के नए जर्सी स्पॉन्सर से बम्पर कमाई होने वाली है। रिपोर्ट्स की मानें तो भारतीय बोर्ड ने नए जर्सी स्पॉन्सर के लिए 450 करोड़ रुपये कीमत आंकी है। इससे ज्यादा भी मिल सकते हैं। इससे पहले फैंटेसी स्पोर्ट्स कंपनी ड्रीम11 से 358 करोड़ रुपये में डील हुई थी। यह करार हाल ही में टूटा है।
नए स्पॉन्सर के साथ एशिया कप 2025 के बाद डील होगी, जो 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक के लिए रहेगी। इस दौरान टीम इंडिया द्विपक्षीय सीरीज, ICC टूर्नामेंट और एशिया कप में करीब 140 मैच खेलेगी।
दरअसल, लोकसभा और राज्यसभा में ऑनलाइन गेमिंग प्रमोशन और रेगुलेशन बिल के पास होने के बाद ड्रीम11 को तगड़ा झटका लगा। बिल पास होने के बाद कंपनी ने देश में अपने सभी रियल मनी बेस्ड गेम्स बंद करने का ऐलान किया है। इसी कारण उसे टीम इंडिया की जर्सी स्पॉन्सरशिप भी छोड़नी पड़ी।
कॉन्ट्रैक्ट में हर मैच के हिसाब से फीस तय होगी
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट बोर्ड नए स्पॉन्सर के साथ हर एक मैच के हिसाब से कॉन्ट्रैक्ट करेगा। इसके तहत हर एक द्विपक्षीय मैच के लिए 3.5 करोड़ रुपये तय किए हैं। ICC और एशिया कप मैचों के लिए 1.5 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। यह पिछले स्पॉन्सर ड्रीम-11 से ज्यादा हैं। हालांकि इससे भी पहले बायजू के साथ हुई डील से कम हैं।
BCCI पूरी कोशिश कर रहा है कि नए स्पॉन्सर के साथ डील एशिया कप 2025 से पहले ही हो जाए। हालांकि टूर्नामेंट में अब ज्यादा समय नहीं रहा है। ऐसे में भारतीय बोर्ड को महिला वनडे वर्ल्ड कप से पहले डील होने की पूरी उम्मीद है। एशिया कप इस बार 9 सितंबर से शुरू होगा, जो 28 सितंबर तक चलेगा। ऐसे में भारतीय टीम एशिया कप में बगैर जर्सी स्पॉन्सर के उतरेगी। जबकि महिला वनडे वर्ल्ड कप 30 सितंबर से 2 नवंबर तक खेला जाएगा।
BCCI की इमरजेंसी मीटिंग में हुई चर्चा
BCCI के इंटरिम प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला की अध्यक्षता में गुरुवार (28 अगस्त) को अपेक्स काउंसिल की इमरजेंसी मीटिंग हुई। इस दौरान नए जर्सी स्पॉन्सर को लेकर चर्चा हुई। भारतीय क्रिकेट बोर्ड को अब भी उम्मीद है कि इसे काम को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। हालांकि एशिया कप से पहले एडवर्टाइजमेंट देना और प्रोसेस पूरी करने के लिए समय नहीं है। ऐसे में टूर्नामेंट से पहले नया स्पॉन्सर ढूंढना बेहद मुश्किल होगा।
BCCI के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने सोमवार (25 अगस्त) को कहा था कि कंपनी का ये फैसला लोकसभा और राज्यसभा में ऑनलाइन गेमिंग प्रमोशन और रेगुलेशन बिल के पास होने के बाद आया है। अब BCCI भविष्य में ऐसे किसी भी ऑर्गेनाइजेशन को शामिल नहीं करेगा। जल्द ही नए स्पॉन्सर के लिए टेंडर निकालेंगे।
14 सितंबर को इंडिया Vs पाकिस्तान मैच
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।

