महिला क्रिकेटर्स को नए साल का गिफ्ट: BCCI ने घरेलू प्लेयर्स की फीस डबल की, जानिए किन प्लेयर्स को कितने रुपए मिलेंगे
Published: Updated:
2 min read

2022 में भारतीय टीम के लिए खेलने वाली सीनियर महिला प्लेयर्स को पुरुषों के बराबर ही फीस देने का फैसला किया था। तभी से उन्हें बढ़ी हुई फीस मिल रही है।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने घरेलू महिला क्रिकेटर्स को नए साल का गिफ्ट दिया है। अपेक्स काउंसिल की मीटिंग में महिला क्रिकेटर्स की फीस डबल करने का फैसला किया है। इस फैसले के बाद घरेलू क्रिकेट में सीनियर और जूनियर प्लेयर्स को भी बम्पर फायदा होगा।
पहले सीनियर लेवल पर टूर्नामेंट खेलने वाली महिला क्रिकेटर्स को किसी मैच की प्लेइंग-11 में खेलने पर हर रोज 20 हजार रुपए मिला करते थे। जबकि बेंच पर बैठने वाली महिला क्रिकेटर्स को 10 हजार रुपए प्रति दिन मिला करते थे।
सीनियर क्रिकेटर्स को मिलेंगे 50 हजार रुपए प्रति दिन
हालांकि अब भारतीय बोर्ड की मीटिंग में यह फैसला किया गया है कि सीनियर टूर्नामेंट के प्लेइंग-11 में खेलने वाली महिला क्रिकेटर्स को अब 20 की बजाय 50 हजार रुपए प्रति दिन मिला करेंगे। जबकि बेंच पर बैठने वाली महिला क्रिकेटर्स को 20 हजार रुपए प्रति दिन दिए जाएंगे। टी20 फॉर्मेट में प्लेइंग-11 को 25 हजार और बेंच पर बैठे प्लेयर्स को 12,500 रुपए प्रतिदिन मिला करेंगे।
दूसरी ओर जूनियर लेवल पर प्लेइंग-11 में खेलने वाली महिला क्रिकेटर्स को 10 हजार रुपए प्रति दिन के हिसाब से दिए जाते थे। जबकि बेंच पर बैठने वाली महिला क्रिकेटर्स को 5 हजार रुपए प्रति दिन मिला करते थे। इस हिसाब से यह महिला क्रिकेटर्स पूरे सीजन में 2 लाख रुपए भी मुश्किल से कमा पाती थीं।
इसी को ध्यान में रखते हुए BCCI ने फीस बढ़ाने का फैसला किया है। उन्होंने अब प्लेइंग-11 में खेलने वाली महिला क्रिकेटर्स को 25 हजार रुपए और बेंच पर बैठने वाले प्लेयर्स को 12,500 रुपए प्रति दिन देने का फैसला किया है। टी20 फॉर्मेट में प्लेइंग-11 को 12,500 और बेंच पर बैठे प्लेयर्स को 6,250 रुपए प्रतिदिन मिला करेंगे।

भारतीय टीम की फीस पहले ही बढ़ चुकी
भारतीय महिला टीम ने इसी साल (2025) वुमन्स वनडे वर्ल्ड कप जीता है। इसके बाद ही भारतीय बोर्ड ने घरेलू स्तर पर महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और सुधार करने का फैसला किया। हालांकि 2022 में भारतीय टीम के लिए खेलने वाली सीनियर महिला प्लेयर्स को पुरुषों के बराबर ही फीस देने का फैसला किया था।
तब से भारतीय महिला क्रिकेटर्स को एक टेस्ट खेलने के 15 लाख रुपए मिलते हैं। जबकि एक वनडे के 6 लाख और एक टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने के 3 लाख रुपए मिलते हैं।

