PAK खिलाड़ियों की हरकत, BCCI की ICC में शिकायत: फरहान ने गनशॉट सेलिब्रेशन, हारिस ने प्लेन गिरने का इशारा किया था; सूर्या के खिलाफ PCB की कंप्लेंट
Published:
3 min read

भारत-पाक मैच के दौरान हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान के विवादित एक्शन पर BCCI ने की ICC से शिकायत। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एशिया कप 2025 में भारत के खिलाफ मैच में PAK खिलाड़ियों की हरकत की शिकायत ICC से की है। मैच के दौरान साहिबजादा फरहान ने फिफ्टी लगाने के बाद गनशॉट सेलिब्रेशन, जबकि हारिस रऊफ ने 6-0 का और हाथ से प्लेन के गिरने का इशारा किया था। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था।
BCCI ने बुधवार (24 सितंबर) ने मेल के जरिए पाकिस्तान के खिलाड़ियों की इन हरकतों की इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से शिकायत की है। उम्मीद जताई जा रही है कि ICC दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ एक्शन लेगा। भारत की शिकायत पर साहिबजादा और हारिस लिखित रूप से अपना पक्ष नहीं रखते तो उन्हें ICC एलिट पैनल के रेफरी रिची रिचर्डसन के सामने पेश होना पड़ सकता है।
PCB ने सूर्यकुमार यादव के खिलाफ शिकायत की
उधर, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ICC से टीम इंडिया के कैप्टन सूर्य कुमार यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। सूर्यकुमार ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में मिली जीत को पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वालों को समर्पित की थी। इसके लिए ICC ने सूर्या पर मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया था। अब BCCI ने इस फैसले के खिलाफ अपील की है।
फरहान को पछतावा नहीं
साहिबजादा ने मीडिया में बातचीत कर कहा था – वो सेलिब्रेशन बस अचानक हुआ था। मैं जब भी हाफ सेंचुरी लगाता हूं तो किसी भी तरह का सेलिब्रेशन नहीं करता हूं। लेकिन जब मैं उस आंकड़े पर पहुंचा तो अचानक मेरे मन में सेलिब्रेट करने का ख्याल आया और मैंने वो इशारा कर दिया। बिना यही सोचे कि लोग उसे किस तरह से समझेंगे। हमें इंडिया ही नहीं, किसी भी टीम के खिलाफ एग्रेसिव क्रिकेट खेलना चाहिए।
भारत-पाकिस्तान फाइल में फिर हो सकते हैं आमने-सामने
24 सितंबर (बुधवार) को सुपर-4 का मुकाबला भारत और बांग्लादेश के बीच हुआ। इस मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 41 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। पाकिस्तान ने श्रीलंका को सुपर-4 में हराकर अपने आप को फाइनल की रेस में बरकरार रखा। आज (25 सितंबर) को पाकिस्तान का आखिरी मैच बांग्लादेश से होगा। इस मैच में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हरा दिया तो वह फाइनल में पहुंच जाएगा। श्रीलंका दोनों मुकाबले हारने के बाद एशिया कप से बाहर हो चुकी है। फाइनल मुकाबला रविवार (28 सितंबर) को खेला जाएगा।

