विपक्षी टीम से हाथ मिलाना जरूरी नहीं: हैंडशेक विवाद पर PCB को BCCI की दो टूक, कहा- हमारी टीम का कदम सही और समझदारी वाला
Published:
3 min read

एशिया कप के ग्रुप स्टेज मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ हाथ नहीं मिलाया।
नेशनल डेस्क। एशिया कप के ग्रुप स्टेज मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ हाथ नहीं मिलाया। इसे लेकर पाकिस्तान बोर्ड ने एशियन क्रिकेट काउंसिल और आईसीसी से भारतीय टीम की शिकायत की है। अब इस मामले में विवाद बढ़ने के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने दो टूक जवाब दिया है। BCCI ने कहा, खिलाड़ियों के हैंडशेक को लेकर कोई नियम नहीं है। इतना ही नहीं BCCI ने भारतीय खिलाड़ियों के स्टैंड को उचित और समझदारी भरा भी बताया।
BCCI अधिकारी ने कहा- ऐसा कोई कानून नहीं है जो खिलाड़ियों को मैच खत्म होने के बाद हाथ मिलाने के लिए बाध्य करता हो। भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव को देखते हुए भारतीय खिलाड़ियों का पाकिस्तानी क्रिकेटरों से हाथ मिलाना या उनसे किसी भी तरह की बातचीत करना कोई मतलब नहीं रखता।
'यह सिर्फ परंपरा न कि कानून'
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर समाचार एजेंसी PTI को बताया, अगर आप रूल बुक पढ़ेंगे तो देखेंगे कि विरोधी टीम से हाथ मिलाने को लेकर कोई विशेष नियम या निर्देश नहीं है। यह सद्भावनापूर्ण कदम है और परंपरा की तरह है, न कि यह कानून है।
उन्होंने आगे कहा, अगर इसे लेकर कोई कानून नहीं है, तो भारतीय टीम ऐसी विपक्षी टीम से हाथ मिलाने के लिए बाध्य नहीं है, जिसके साथ तनावपूर्ण रिश्तों का इतिहास रहा है।
क्यों हुआ हैंडशेक विवाद
एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज मैच में रविवार रात भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। टॉस और इसके बाद मैच खत्म होने पर भारतीय खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स ने पाकिस्तान के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाए। इतना ही नहीं, मैच के बाद टीम इंडिया के प्लेयर्स जब ड्रेसिंग रूम लौटे तो उन्होंने इसके गेट बंद कर दिए, इसका मकसद था कि पाकिस्तान के प्लेयर्स से उन्हें हैंडशेक न करना पड़े।
अब पाकिस्तान की टीम की तरफ से इस बारे में ऑफिशियल कम्प्लेन दर्ज कराई गई है। इसमें कहा गया है कि भारतीय टीम का यह कदम स्पोर्ट्स मैन स्पिरिट यानी खेल भावना के खिलाफ है। इतना ही नहीं PCB ने मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट पर 'आचार संहिता' का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल एशिया कप से हटाने की मांग की है।
इस विवाद से जुडीं और भी खबरें यहां पढ़ें..

