ICC से ज्यादा विनिंग अमाउंट देगी BCCI: टीम-सपोर्ट स्टाफ को 51 करोड़ का इनाम; बोर्ड ने कहा- वुमन्स क्रिकेट को सपोर्ट करना मकसद
Published:
3 min read

भारतीय टीम ने अपना पहला वुमन्स ODI वर्ल्ड कप खिताब जीत लिया है। वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल रविवार (2 नवंबर) को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया, जिसमें इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराया। फोटो सोर्स;bcci
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 का ODI वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराया। 2 नवंबर को यह मुकाबला नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया था।
51 करोड़ देने का ऐलान
इस जीत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने महिला टीम के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। वर्ल्ड कप विजेता महिला टीम को 51 करोड़ रुपए के इनाम की घोषणा की गई है। खास बात यह है कि यह अमाउंट ICC के प्राइज विनिंग अमाउंट से ज्यादा है।
ICC की तरफ से वर्ल्ड कप विनर टीम को 4.48 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब 39.78 करोड़ रुपए का इनाम दिया गया है। दूसरी तरफ, BCCI ने अपनी तरफ से इससे भी बड़ी रकम देने का फैसला किया, ताकि खिलाड़ियों के शानदार परफॉर्मेंस का सम्मान किया जा सके।
BCCI ने क्या कहा
BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया एक इंटरव्यू में कहा- यह इनाम राशि प्लेयर, सिलेक्टर और कोच अमोल मजूमदार के अंडर आने वाले सपोर्ट स्टाफ सभी को दी जाएगी। यह जीत भारत के लिए गर्व का पल है। BCCI ने ICC की इनामी राशि से अलग, अपनी ओर से 51 करोड़ रुपए देने का फैसला किया है, ताकि महिला क्रिकेट को प्रमोट किया जाए। सैकिया ने आगे कहा- ICC ने भी इस बार महिला वर्ल्ड कप की इनामी राशि में 300% बढ़ोतरी की थीष। इसका क्रेडिट चेयरमैन जय शाह को जाता है।
इंडियन वुमन्स का सपना पूरा हुआ
भारत की महिला टीम 2005 और 2017 में वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन खिताब नहीं जीत पाई थी। इस बार घरेलू मैदान पर खेले गए टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने अपने सपने को साकार कर दिखाया। यह जीत न केवल खिलाड़ियों के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का पल है। BCCI की ओर से दी गई 51 करोड़ की इनामी राशि यह साबित करती है कि महिला क्रिकेट को अब वह सम्मान मिल रहा है, जिसकी वह लंबे समय से हकदार थी।
टीम इंडिया ने दिया 299 रन का टारगेट
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 7 विकेट गंवाकर 298 रन बनाए। शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा दोनों ने फिफ्टी लगाई। शेफाली ने 78 बॉल पर सबसे ज्यादा 87 रनों की पारी खेली। जबकि दीप्ति ने 58 बॉल पर 58 रन बनाए।उनके अलावा स्मृति मंधाना ने 45, ऋचा घोष ने नाबाद 34, जेमिमा रोड्रिग्स ने 24 और हरमनप्रीत कौर ने 20 रन बनाए। साउथ अफ्रीका के लिए अयाबोंगा खाका ने 3 विकेट लिए। 1-1 सफलता श्लोए ट्रायोन, नदिनी डी क्लर्क और नॉनकुलुलेको म्लाबा को मिली।
साउथ अफ्रीका टारगेट से बहुत दूर रही
299 रन के टारगेट के जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 45.3 ओवर में 246 रन ही बना सकी। इस तरह 52 रनों से फाइनल मैच और ट्रॉफी गंवा दी। कप्तान लाउरा वोलवार्ड ने 101 रनों की पारी खेली। उनके अलावा एनेरी डर्कसेन ने 35 और सुने लूस ने 25 रन बनाए। ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा ने 39 रन देकर 5 विकेट लिए। स्पिन ऑलराउंडर शेफाली वर्मा ने 36 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। एक सफलता श्री चरणी को मिली। शेफाली वर्मा के ऑलराउंड प्रदर्शन के चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

