BBL 2026-27 का शेड्यूल जारी: चेन्नई में ओपनिंग मैच; 4 साल बाद क्रिसमस ईव पर मैच, 26 जनवरी को फाइनल
Published:
3 min read

पर्थ स्कॉर्चर्स (Perth Scorchers) ने BBL 2025-26 का फाइनल जीतकर छठा बिग बैश लीग खिताब अपने नाम किया था। टीम ने फाइनल में सिडनी सिक्सर्स को 6 विकेट से हराया था। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) 2026-27 सीजन का फुल शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस बार टूर्नामेंट कई नए बदलाव के साथ खेला जाएगा। सबसे बड़ी बात यह है कि टूर्नामेंट की शुरुआत पहली बार भारत में होगी।
ओपनिंग मैच 12 दिसंबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में मेलबर्न रेनेगेड्स और डिफेंडिंग चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच खेला जाएगा। इसके बाद 15 दिसंबर को ऑस्ट्रेलिया में पहला मुकाबला ब्रिस्बेन हीट और सिडनी सिक्सर्स के बीच गाबा मैदान पर होगा।
लीग राउंड 17 जनवरी तक चलेगा
इस बार BBL में 44 मैच खेले जाएंगे। लीग राउंड में 17 जनवरी तक चलेगा, जबकि प्लेऑफ मुकाबले 19 जनवरी से शुरू होंगे। फाइनल 26 जनवरी को खेला जाएगा। जरूरत पड़ने पर फाइनल के लिए रिजर्व डे भी रखा गया है। फाइनल की तारीख ऐसे चुनी गई है ताकि उसका टकराव भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से न हो।

4 साल बाद क्रिसमस ईव पर मुकाबला होगा
इस सीजन की सबसे खास बात क्रिसमस ईव (24 दिसंबर) पर होने वाला मुकाबला है। चार साल बाद एक बार फिर 24 दिसंबर को बिग बैश मैच खेला जाएगा। इस दिन मेलबर्न रेनेगेड्स और होबार्ट हरिकेन्स की टीमें मेलबर्न के जंक्शन ओवल में आमने-सामने होंगी। वहीं 26 दिसंबर (बॉक्सिंग डे), 31 दिसंबर (न्यू ईयर ईव) और 1 जनवरी (न्यू ईयर डे) पर भी बड़े मुकाबले रखे गए हैं, ताकि छुट्टियों के दौरान फैंस को लगातार क्रिकेट देखने का मौका मिले।

मेलबर्न में 9 मैच खेले जाएंगे
मेलबर्न के क्रिकेट फैंस के लिए भी यह सीजन खास रहेगा। इस बार शहर में 9 मैच खेले जाएंगे, जबकि पिछले सीजन में सिर्फ 7 मुकाबले हुए थे। मेलबर्न रेनेगेड्स अब मार्वल स्टेडियम में नहीं खेलेगी। क्लब ने 15 साल पुराना साथ खत्म कर दिया है और अब MCG को अपना होम ग्राउंड बना लिया है। टीम जंक्शन ओवल और एमसीजी दोनों मैदानों पर अपने घरेलू मैच खेलेगी। वहीं मेलबर्न स्टार्स भी जंक्शन ओवल में मुकाबले खेलेंगे।
सिडनी थंडर 16 दिसंबर को एडिलेड स्ट्राइकर्स और 11 जनवरी को मेलबर्न स्टार्स के खिलाफ यहां मैच खेलेगी। वहीं सिडनी सिक्सर्स भी 3 जनवरी को कैनबरा में अपना घरेलू मुकाबला खेलेगी।
होबार्ट हरिकेन्स की टीम तीन साल बाद लॉन्सेस्टन में वापसी करेगी। 9 जनवरी को उसका मुकाबला एडिलेड स्ट्राइकर्स से होगा। इसके अलावा सीजन के आखिरी दिन हरिकेन्स अपने घरेलू मैदान पर सिडनी सिक्सर्स से भिड़ेगी।
ऑस्ट्रेलिया का इस बार प्लेयर्स के रेस्ट पर फोकस
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस बार खिलाड़ियों की ट्रैवल को भी आसान बनाने की कोशिश की है। पिछले कुछ सीजन की तुलना में टीमों को कम सफर करना पड़ेगा। BBL 2026-27 में एक नया नियम भी लागू किया जाएगा। इस सीजन से डिजाइनेटेड बैटर और फील्डर' नियम की शुरुआत होगी।
इसके तहत टीमों को रणनीति बनाने के लिए नए विकल्प मिलेंगे, जिससे मैच और भी अच्छे होने की उम्मीद है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मानना है कि यह बदलाव फैंस के लिए मुकाबलों को और ज्यादा दिलचस्प बनाएगा।टूर्नामेंट के सभी मैच Kayo Sports और Foxtel पर लाइव दिखाए जाएंगे। इसके अलावा 30 लीग मैच और चारों प्लेऑफ मुकाबले Seven और 7plus पर मुफ्त में लाइव टेलीकास्ट किए जाएंगे।

